Breaking News
Home / breaking / महाराष्ट्र से यूपी जा रहे 8 श्रमिकों की गुना सड़क हादसे में मौत, 55 घायल

महाराष्ट्र से यूपी जा रहे 8 श्रमिकों की गुना सड़क हादसे में मौत, 55 घायल

Demo pic

गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिला मुख्यालय के पास बायपास मार्ग पर बस और ट्रक की टक्कर के कारण आठ श्रमिकों की मौत हो गई और 55 घायल हो गए। ये श्रमिक उत्तरप्रदेश निवासी हैं, जो महाराष्ट्र से अपने गृहराज्य वापस लौट रहे थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार तड़के हुई इस दुर्घटना में ट्रक मेंं सवार श्रमिकों की मौत हो गयी। घायलों को यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया।

सूत्राें ने कहा कि केंट थाना क्षेत्र में तड़के लगभग तीन बजे यह हादसा उस समय हुआ जब श्रमिकों को ले जा रहे ट्रक की सामने से आ रही बस से टक्कर हो गयी। बताया गया है कि ट्रक महाराष्ट्र से उत्तरप्रदेश के उन्नाव जिले की तरफ जा रहा था। जबकि बस खाली थी और ग्वालियर से अहमदाबाद जा रही थी। प्रारंभिक पड़ताल में हादसे के लिए बसचालक को जिम्मेदार बताया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

 

मृतकों की पहचान इब्राहीम, अजीत, अर्जुन, वसीम, रमेश और सुधीर के रूप में हुयी है। दो अन्य की पहचान तत्काल नहीं की जा सकी। घायलों का इलाज कराया जा रहा है और जिला प्रशासन ने उत्तरप्रदेश सरकार से भी संपर्क किया है।

शिवराज में श्रमिकों की मृत्यु पर शोक जताया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना जिले में हुए एक सड़क हादसे में श्रमिकों की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की है। चौहान ने ट्वीट कर कहा कि गुना में बस और कंटेनर में हुई टक्कर में महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश जा रहे कई श्रमिक भाई-बहनों के असमय निधन और घायल होने का दुखद समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर उपस्थित हैं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कर दी गई है। सभी घायल भाई-बहनों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Check Also

24 अप्रैल बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

    वैशाख मास, कृष्ण पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि …