नई दिल्ली। केरल के एक गांव में ऑटो रिक्शा चालक सुनील ने शौक में अपने ऑटो को स्कार्पियो गाड़ी का लुक दे दिया। किसी ने इस ऑटो की फोटो सोशल मीडिया पर डाल दी। जब महेन्द्रा कम्पनी के मालिक आनन्द महेन्द्रा ने यह फोटो देखी तो उस ऑटो चालक की किस्मत बदल गई। पढ़िए कैसे हुआ यह कमाल-
19 मार्च को मुंबई के अनिल ने ट्विटर पर एक ऑटो की तस्वीर शेयर की जिसे पीछे से महिंद्रा स्कॉर्पियो की तरह मोडिफाई किया गया था। अनिल ने अपने ट्वीट में आनंद महिंद्रा को सम्बोधित करते हुए लिखा कि भारत की सड़कों पर स्कॉर्पियो का डिजाइन इतना मशहूर है कि इस आदमी (ड्राइवर) ने अपने ऑटो को ही स्कार्पियो में बदल दिया।
अनिल के ट्वीट का आनंद महिंद्रा ने तुरंत रिप्लाई करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया और उनसे उस ऑटो ड्राइवर का पता लगाने में मदद मांगी।
महेन्द्रा कम्पनी के कर्मचारी उस ऑटो चालक को ढूंढने में जुट गए।
आखिरकार डेढ़ महीने की कोशिश के बाद उस ऑटो चालक का पता लग ही गया।
महेन्द्रा ने बुधवार को अपने ट्विटर पर जानकारी दी कि उनकी टीम ने थ्री व्हीलर ‘स्कॉर्पियो’ के ऑटो ड्राइवर को ढूंढ़ लिया है। उनका नाम सुनील है। सुनील केरल के एक दूरदराज गांव के रहने वाले हैं।
आनंद महिंद्रा ने खुश होकर सुनील को महिंद्रा सुप्रो मिनी वैन तोहफे में दी। उन्होंने इसकी फोटो भी शेयर की। इसमें ऑटो चालक सुनील नई गाड़ी पाकर बहुत खुश नजर आ रहे हैं।
आनंद ने इस मुहिम के लिए ट्विटर यूजर्स का शुक्रिया भी अदा किया। अब सुनील का यह स्कार्पियो ऑटो महेन्द्रा कम्पनी के म्यूजियम में रखा जाएगा।