Breaking News
Home / breaking / अमित शाह बने होम मिनिस्टर, राजनाथ को रक्षा, निर्मला को मिला वित्त मंत्रालय, यहां देखें पूरी लिस्ट

अमित शाह बने होम मिनिस्टर, राजनाथ को रक्षा, निर्मला को मिला वित्त मंत्रालय, यहां देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी नई मंत्रिपरिषद के सदस्यों के विभागों की आज घोषणा कर दी जिसमें अपने विश्वास पात्र भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को का नया गृह मंत्री और पिछली सरकार में गृह मंत्री रहे राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री बनाया गया है।

दोपहर में घोषित नए मंत्रियों में पूर्व रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को अरुण जेटली की जगह वित्त मंत्रालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जेटली ने स्वास्थ्य कारणों से मंत्री बनने से इन्कार कर दिया था। सुषमा स्वराज की जगह पूर्व विदेश सचिव एस जयशंकर को नया विदेश मंत्री बनाया गया है। स्वराज ने भी स्वास्थ्य कारणों के चलते इस बार चुनाव नहीं लड़ा था। पिछली सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री रहे नरेन्द्र सिंह तोमर को पुराने विभाग के साथ कृषि मंत्रालय की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को मानव संसाधन विकास मंत्रालय, पीयूष गोयल को रेल, वाणिज्य एवं उद्योग, नितिन गडकरी को राजमार्ग एवं सड़क परिवहन विभाग रिपीट राजमार्ग एवं सड़क परिवहन विभाग के साथ मध्यम लघु एवं सूक्ष्म उद्योग (एमएसएमई), धर्मेन्द्र प्रधान को पेट्रोलियम एवं इस्पात और रविशंकर प्रसाद को संचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कानून मंत्री बनाया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्मिक, जन शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष विभाग, महत्त्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे तथा ऐसे सभी विभाग अपने पास रखे हैं जो किसी को आवंटित नहीं किए गए हैं।

स्मृति ईरानी को उनके पुराने विभाग कपड़ा मंत्रालय के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, महेंद्र नाथ पांडेय को कौशल विकास मंत्रालय और प्रह्लाद जोशी को संसदीय कार्य तथा कोयला एवं खान मंत्रालय का मंत्री बनाया गया है।

रामविलास पासवान के विभाग में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वह पहले की तरह खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री बने रहेंगे। इसी तरह से हरसिमरत कौर बादल भी पहले की तरह खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय तथा मुख्तार अब्बास नकबी अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री बने रहेंगे।

थावर चंद गेहलोत को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा अर्जुन मुंडा को आदिवासी कल्याण मंत्रालय में मंत्री बनाया गया है। डॉ हर्षवर्द्धन को स्वास्थ्य परिवार कल्याण, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान मंत्री बनाया गया है तथा डीवी सदानंद गौड़ा रसायन एवं उर्वरक मंत्री बनेंगे।

नए मंत्रिपरिषद् में शिवसेना के कोटे से कैबिनेट मंत्री बनाए गए अरविंद गणपत सावंत को भारी उद्योग एवं लोक उद्यम और भाजपा के गिरिराज सिंह को पशुपालन, डेयरी और मत्स्य मंत्रालय दिया गया है। राजस्थान से कैबिनेट मंत्री बनाये गए गजेंद्र सिंह शेखावत को नए बने जलशक्ति मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।

स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों में संतोष गंगवार को उनका पुराना विभाग श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और राव इंद्रजीत सिंह को सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन तथा योजना मंत्रालयों की जिम्मेदारी दी गई है। श्रीपद येसो नाइक को पहले की तरह आयुष मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जम्मू-कश्मीर से चुनकर आए डॉ जितेंद्र सिंह को भी पहले की तरह ही पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, जन शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री बनाए रखा गया है।

पूर्व गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीजू को युवा एवं खेल मामलों के मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। प्रह्लाद सिंह पटेल संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय की जिम्मेदारी सँभालेंगे। बिहार से सांसद आरके सिंह को उनके पुराने विभाग ऊर्जा और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा के साथ-साथ कौशल विकास मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।

राज्यसभा सांसद हरदीप सिंह पुरी को शहरी कार्य एवं आवास मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार दुबारा दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार भी उनके पास होगा। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में वह राज्य मंत्री होंगे। मनसुल लाल मांडविया को जहाजरानी मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

राज्य मंत्रियों में वीके सिंह को विदेश मंत्रालय से हटाकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गयी है। अर्जुन राम मेघवाल संसदीय कार्य मंत्रालय में बने रहेंगे, लेकिन उनसे जल संसाधन मंत्रालय लेकर उसकी जगह उन्हें भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।

बिहार से चुनकर आए नित्यानंद राय को गृह राज्य मंत्री की महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पहली बार मंत्री बनाए गए अनुराग ठाकुर को वित्त तथा कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया है। पिछली सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री रही साध्वी निरंजन ज्योति को ग्रामीण विकास मंत्रालय दिया गया है।

छत्तीसगढ़ की सांसद रेणुका सिंह सरूता को आदिवासी मामलों के मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। पश्चिम बंगाल से चुनी गईं देबाश्री चौधरी को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।

नई सरकार के मंत्रियों के विभागों की सूची इस प्रकार है :-

*नरेंद्र मोदी – प्रधानमंत्री, कार्मिक, जनशिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, सभी महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे तथा वैसे सभी विभाग को जो किसी को भी आवंटित नहीं किए गए हैं

कैबिनेट मंत्री

*राजनाथ सिंह – रक्षा मंत्रालय
*अमित शाह – गृह मंत्रालय
*नितिन गडकरी – सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय
*डीवी सदानंद गौड़ा – रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय
*निर्मला सीतारमण – वित्त मंत्रालय, कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय
*रामविलास पासवान – उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं जन वितरण मंत्रालय
*नरेंद्र सिंह तोमर – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्रालय
*रविशंकर प्रसाद – विधि एवं न्याय मंत्रालय, संचार मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय
*हरसिमरत कौर बादल – खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय
*थावर चंद गहलोत – सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
*सुब्रमण्यम् जयशंकर – विदेश मंत्रालय
*रमेश पोखरियाल निशंक – मानव संसाधन विकास मंत्रालय
*अर्जुन मुंडा – आदिवासी मामले मंत्रालय
*स्मृति ईरानी – महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, कपड़ा मंत्रालय
*डॉ हर्ष वर्द्धन – स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय
*प्रकाश जावड़ेकर – पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय
*पीयूष गोयल – रेल मंत्रालय, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
*धर्मेंद्र प्रधान – पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, इस्पात मंत्रालय
*मुख्तार अब्बास नकवी – अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री
*प्रह्लाद जोशी – संसदीय कार्य मंत्रालय, कोयला मंत्रालय, खान मंत्रालय
*डॉ महेंद्र नाथ पांडेय – कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
*अरविंद गणपत सावंत – भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्रालय
*गिरिराज सिंह – पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्रालय
*गजेंद्र सिंह शेखावत – जलशक्ति मंत्रालय

राज्य मंत्री

*संतोष कुमार गंगवार – श्रम एवं रोजगार मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार)
*राव इंद्रजीत सिंह – सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन (स्वतंत्र प्रभार), योजना मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार)
*श्रीपद येसो नाइक – आयुष मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), रक्षा मंत्रालय
*डॉ जितेंद्र सिंह – पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, जनशिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग
*किरेन रिजीजू – युवा मामले एवं खेल मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), अल्पसंख्यक मामले मंत्रालय
*प्रह्लाद सिंह पटेल – संस्कृति मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), पर्यटन मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार)
*राजकुमार सिंह – बिजली मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
*हरदीप सिंह पुरी – आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), नागरिक उड्डयन मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
*मनसुख लाल मांडविया – जहाजरानी मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय
*फग्गन सिंह कुलस्ते – इस्पात मंत्रालय
*अश्विनी कुमार चौबे – स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
*अर्जुन राम मेघवाल – संसदीय कार्य मंत्रालय, भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्रालय
*जनरल वी.के. सिंह – सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
*कृष्णपाल गुर्जर – सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
*राव साहब दानवे – उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं जन वितरण मंत्रालय
*जी. किशन रेड्डी – गृह मंत्रालय
*पुरुषोत्तम रूपाला – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
*रामदास अठावले – सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
*साध्वी निरंजन ज्योति – ग्रामीण विकास
*बाबुल सुप्रियो – पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
*संजीव कुमार बालियान – पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्रालय
*संजय शामराव धोत्रे – मानव संसाधन विकास मंत्रालय, संचार मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय
*अनुराग सिंह ठाकुर – वित्त मंत्रालय, कॉर्पोरेट मामलों का मंत्रालय
*सुरेश सी. अंगड़ी – रेल मंत्रालय
*नित्यानंद राय – गृह मंत्रालय
*रतनलाल कटारिया -जलशक्ति मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
*वी. मुरलीधरन – विदेश मंत्रालय, संसदीय कार्य मंत्रालय
*रेणुका सिंह सरूता – आदिवासी मामलों का मंत्रालय
*सोम प्रकाश – वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
*रामेश्वर तेली – खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय
*प्रताप चंद्र सारंगी – सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्रालय
*कैलाश चौधरी – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
*देबाश्री चौधरी – महिला एवं बाल विकास मंत्रालय

Check Also

कंगना के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर महिला आयोग ने EC से की कड़ी कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली। प्रसिद्ध अभिनेत्री और लोकसभा चुनाव 2024 में हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भारतीय …