Breaking News
Home / breaking / जयपुर के वैशाली नगर थाने में आत्मदाह करने वाली महिला की मौत

जयपुर के वैशाली नगर थाने में आत्मदाह करने वाली महिला की मौत

जयपुर। जयपुर के वैशाली नगर थाना परिसर में रेप के मामले में कार्रवाई न करने का पुलिस पर आरोप लगाते हुए आत्मदाह करने वाली महिला की आज अस्पताल में मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि कल अपरान्ह करीब सवा तीन बजे पीड़ित महिला अपने 13 वर्षीय पुत्र के साथ थाने में आई थी और उसने थानाधिकारी के बारे में पूछा। उनके मौजूद न होने पर वह थाना परिसर से बाहर चली गई और अपने पुत्र को पैन भूल जाने का कहकर वापस आई और उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई और उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। सुबह करीब पौने पांच बजे उसकी मौत हो गई।

उक्त 35 वर्षीय महिला ने अपने रिश्ते के देवर रविन्द्र सिंह शेखावत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराते हुए बताया था कि उसका पति जम्मू कश्मीर में सेना में पदस्थ है। चार वर्ष पूर्व रविन्द्र उसके पति के साथ उसके घर आया था। उसके बाद वह आए दिन आने लगा और एक दिन उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करके वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।

पुलिस ने आज इस मामले में विज्ञप्ति जारी करके बताया कि इस मामले की जांच के बाद सामने आया है कि उक्त महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था। उनका तलाक का मामला भी विचाराधीन बताया गया है। उक्त महिला ने 27 अक्टूबर 2015 को रविन्द्र सिंह सहमति से सम्बन्ध बनाए थे। इसके बाद दोनों जयपुर, अजमेर, उदयपुर, दिल्ली और नैनीताल गए और कई बार शारीरिक सम्बन्ध बने।

दोनों में मनमुटाव अप्रैल 2019 में उस समय हुआ जब रविन्द्र सिंह की सगाई हो गई। तब उक्त महिला ने रविन्द्र सिंह पर सगाई न करने का दबाव डाला साथ ही रविन्द्र सिंह के होने वाले ससुर एवं उसके परिवार से सगाई तोड़ने को कहा था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टयां यह मामला आपसी सहमति का पाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Check Also

 19 अप्रैल शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

चैत्र मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2081, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात …