Breaking News
Home / breaking / नाथूराम गोडसे को लेकर प्रज्ञा ठाकुर के नए बयान से विवाद शुरू

नाथूराम गोडसे को लेकर प्रज्ञा ठाकुर के नए बयान से विवाद शुरू

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की भोपाल संसदीय सीट से प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को लेकर दिए गए बयान को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है।

प्रज्ञा सिंह ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बता रही हैं। इसमें साध्वी ने कहा कि गोडसे देशभक्त थे और रहेंगे। उन पर बोलने वाले स्वयं के गिरेबां में झांककर देखें।

प्रारंभिक तौर पर बताया गया है कि साध्वी का यह बयान मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले का आज का ही है। ठाकुर ने इस अवसर पर कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि उसके नेता आतंकवाद का समर्थन करते हैं।

 

इस संबंध में प्रदेश भाजपा के नेता हितेश वाजपेयी ने यहां मीडिया से प्रतिक्रिया में संभलते हुए कहा कि हम गांधी की हत्या करने वाले का महिमामंडन नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि साध्वी ने यह टिप्पणी किस संदर्भ में कही है, इसके बारे में उन्हें फिलहाल जानकारी नहीं है और इस पर अभी और कुछ बोलना उचित नहीं है।

वहीं प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने एक टीवी चैनल पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भाजपा दोगली पार्टी है। वह मुखौटे लगाकर राजनीति करती है। पहले किसी भी मुद्दे पर कहलवाती है और फिर खंडन करती है। गोडसे निश्चित रूप से आतंकवादी था। उसने महात्मा गांधी की हत्या का प्रयास पहले भी किया था। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान शोभा नहीं देते हैं।

भोपाल संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने अयोध्या में राम मंदिर और महाराष्ट्र के शहीद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे को लेकर भी बयान दिया था। इन दोनों मामलों को लेेकर भी विवाद हुआ था। भोपाल में भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर का मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से है।

Check Also

पत्नी से अवैध संबंध के शक में भांजे की हत्या, पुलिस हिरासत में मामा ने भी की खुदकुशी

  दौसा. जिले के लालसोट में पत्नी से अवैध संबंधों के चलते भांजे की हत्या करने …