Breaking News
Home / breaking / पेट में सोना छिपाकर लाने वाली दो महिलाओं का किडनैप

पेट में सोना छिपाकर लाने वाली दो महिलाओं का किडनैप

चेन्नई। पूरे फिल्मी अंदाज में एयरपोर्ट पर तैनात सीमा शुल्क अधिकारी जब दो महिला विमान यात्रियों के पेट में छुपाए गए सोने को बरामद करने के लिए यहां एक अस्पताल में लाए तो उनका अपहरण कर लिया गया तथा उनसे सारा सोना बरामद करने के बाद अपहर्ता गिरोह ने उन्हें शहर में छोड़ दिया।

दोनों महिला यात्री यहां अन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपना पासपोर्ट लेने आईं तो सीमा शुल्क अधिकारियों ने दोनों से पूछताछ की तथा बाद में दाेनों को पल्लावरम थाने के हवाले कर दिया। सीमा शुल्क अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हवाई अड्डा सूत्रों ने बताया कि सीमा शुल्क अधिकारियों ने संदेह होने पर दोनों महिला यात्रियों फातिमा और टेरेसा से पूछताछ की। दोनों महिला बीती शाम कोलंबो से यहां पहुंची थी। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सोने से भरे टैबलेट खाए हुए हैं।

इसके बाद सीमा शुल्क के दो अधिकारी अमृत त्रिपाठी और रेणु कुमारी दोनों महिला यात्री को निजी कार के जरिये निजी अस्पताल ले जाने लगे ताकि उन्हें एनिमा देकर उनके पेट से सभी सोना निकाल सकें।

उनकी कार जब अस्पताल के पास पहुंची तो उसी समय दूसरी कार से आए अज्ञात गिरोह ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने अमृत को घायल कर दिया तथा दोनों महिला यात्रियों का अपहरण कर लिया।

अपहर्ता गिरोह ने चेन्नई में ही एनिमा के जरिए दोनों महिलाओं के पेट से सोना निकालने के बाद बुधवार तड़के उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद दोनोंं महिलाएं अपना पासपोर्ट लेने सीमा शुल्क अधिकारियों के पास आईं।

पुलिस ने दोनों महिला यात्रियों के अपहरण के मामलों की जांच शुरू कर दी है और अपहर्ता गिरोह का पता लगाने के लिए व्यापक तलाश अभियान छेड़ दिया है। इस बीच सीमा शुल्क विभाग ने भी सोना निकालने के लिए दोनों महिला यात्रियों को सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय निजी अस्पताल ले जाने पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।

Check Also

अकेली महिलाओं के घरों में झांकता था युवक, 50 महिलाओं ने की शिकायत

नादिया. पश्चिम बंगाल के नादिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां …