Breaking News
Home / breaking / राज्यमंत्री राजेन्द्र नामदेव की कुर्सी छीनी, भाजपा से भी निलंबित

राज्यमंत्री राजेन्द्र नामदेव की कुर्सी छीनी, भाजपा से भी निलंबित

न्यूज नजर डॉट कॉम

भोपाल। शिवराज चौहान सरकार ने मध्यप्रदेश सिलाई-कढ़ाई बोर्ड के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त) राजेन्द्र नामदेव मेहर को 20 दिन बाद ही पद से हटा दिया है। राजेन्द्र मेहर पर एसिड अटैक पीड़िता से रेप की कोशिश और छेड़छाड़ का केस दर्ज होने के तत्काल बाद सरकार ने यह कदम उठाया है। इसी के साथ बीजेपी ने भी राजेन्द्र नामदेव को पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया है। मेहर को 30 जनवरी 2018 को ही राज्य सिलाई कला मण्डल का उपाध्यक्ष बनाया गया था। वह नामदेव समाज विकास परिषद मध्यप्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं।

 

 

हनुमान गंज थाने में नामदेव समाज की एक युवती ने राजेन्द्र नामदेव मेहर के खिलाफ यह मामला दर्ज कराया। युवती ने रिपोर्ट में बताया कि डेढ़ साल पहले उसके एक रिश्तेदार ने उस पर एसिड अटैक कर दिया था। तब राजेन्द्र नामदेव ने मदद के बहाने उससे नजदीकी बढ़ा ली। बाद में राज्यमंत्री बनने पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर गत नवम्बर में भोपाल के होटल राजदूत में बुलाया। वहां दो दिन तक उसके साथ छेड़छाड़ और बलात्कार की कोशिश की। उसका वीडियो बना लिया और ब्लैकमेल किया।

कांग्रेस ने खोला मोर्चा

मामला उजागर होने के बाद कांग्रेस ने शिवराज सरकार के खिलाफ मोर्च खोल दिया है। दरअसल राजेन्द्र नामदेव पूर्व में एनएसयूआई नेता रहे हैं। समाज की राजनीति में सक्रिय होने के बाद गत दिनों चित्रकूट उपचुनाव के दौरान वह बीजेपी में शामिल हो गए। नामदेव समाज के वोट बैंक को देखते हुए सरकार ने उन्हें सिलाई-कढ़ाई कला बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दे दिया। इस पर कांग्रेस ने उनकी नियुक्ति को अवैध बताते हुए सवाल खड़े किए थे। अब राजेंद्र मेहर पर संगीन आरोप लगने से कांग्रेस और अधिक हमलावर हो गई है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल कड़ा कदम उठाते हुए राजेन्द्र नामदेव मेहर से पद छीन लिया है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्रालय के उप सचिव राजीव निगम ने सोमवार को एक आदेश जारी कर राजेंद्र नामदेव को राज्य सिलाई कला मण्डल के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है।

इसी तरह मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नन्द कुमार सिंह ने राजेंद्र नामदेव मेहर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।

पूरा मामला जानने के लिए क्लिक करें

राजेन्द्र नामदेव पर रेप की कोशिश का केस दर्ज, कुर्सी खतरे में

 

Check Also

 28 मार्च गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

चैत्र मास, कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2080, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण,  शाम …