Breaking News
Home / breaking / LIVE : मोदी ने रखी राम मंदिर की नींव, देशभर में राम लहर

LIVE : मोदी ने रखी राम मंदिर की नींव, देशभर में राम लहर

नई दिल्ली। आस्था और उत्साह में सराबोर रामभक्तों का सदियों पुराना सपना आज साकार हो गया। शंखनाद और घंटे-घडिय़ाल की ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पौराणिक नगरी अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य राम मंदिर का भूमि पूजन किया। इसी के साथ इतिहास रच गया।
राम मंदिर भूमि पूजन के लिए पीएम मोदी दिल्ली से अयोध्या पहुंचे। साकेत स्कूल के हेलीपैड पर उतरने के बाद मोदी पहले हनुमान गढ़ी पहुंचे और दर्शन पूजा व परिक्रमा की। इससे पहले उन्होंने हाथ धोए।
हनुमान गढ़ी से मोदी कार में बैठकर रामलला के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने रामलला के साष्टांग प्रणाम किया। यह दृश्य देखकर संसद का वह नजारा ताजा हो गया जब मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बनने पर वहां पहुंचे और संसद की सीढ़ियों पर लेटकर साष्टांग प्रणाम किया था।
 इसके बाद आरती की। जोत हाथ में लेकर उन्होंने आरती की। रामलला की परिक्रमा करने के बाद उन्होंने पारिजात का पौधा लगाया। हनुमान गढ़ी और रामलला मन्दिर में मोदी ने अपनी जेब से भेंट निकालकर दान पात्र में डाली।
इसके बाद मोदी भूमि पूजन के लिए पांडाल में पहुंचे। तमाम साधू सन्तों की मौजूदगी में वेद मन्त्र गूंज रहे हैं। भूमि पूजन के लिए सोशल डिस्टेंस के अनुसार बैठने की व्यवस्था की गई है।

प्रधानमंत्री पीले रंग के कुर्ते, सफेद धोती और भगवा गमझा धारण किए भूमि पूजन के लिए चौकी पर विराजे। काशी के प्रकांड तीन विद्धानों ने भूमि पूजन का अनुष्ठान शुरू किया। मोदी को यजमान के तौर पर संकल्प दिलाया गया और गणेश पूजन के साथ भूमि पूजन का कार्यक्रम शुरू हो गया।

इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय स्वयं सेवक प्रमुख मोहन भागवत मौजूद थे। पुरोहितों ने प्रधानमंत्री से विधिवत पूजा अर्चना कराई। इस दौरान चांदी की नौ शिलाओं का पूजन किया गया।

करीब 12 बजे शुरू हुआ भूमि पूजन कार्यक्रम करीब 48 मिनट चला। अभिजीत मुहुर्त में भूमि पूजन और शिला पूजन सम्पन्न होने के बाद मोदी ने साक्षात दंडवत कर देश की तरक्की और कोरोना के नाश का वरदान प्रभु श्रीराम से मांगा। भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद हर हर महादेव, जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाए गए।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आरएसएस प्रमुख मोहनराव भागवत, महंत नृत्यगोपाल दास और प्रधानमंत्री मोदी का उदबोधन हुआ।
मोदी ने अपने उदबोधन से पहले सियावर रामचन्द्र का जयकारा लगवाकर और जय सियाराम का उदघोष लगाया। उन्होंने कहा कि आज करोड़ों-करोड़ों भक्तों में खुशी की लहर है। कश्मीर से कन्याकुमारी, अंडमान से अजमेर तक सभी तरफ आनन्द फैला है। हर मन दीप मय है।
प्रधानमंत्री ने कहा, बरसों से टाट और टेंट के नीचे रह रहे हमारे रामलला के लिए अब एक भव्य मंदिर का निर्माण होगा। टूटना और फिर उठ खड़ा होना, सदियों से चल रहे इस व्यतिक्रम से रामजन्मभूमि आज मुक्त हो गई है। पूरा देश रोमांचित है, हर मन दीपमय है। सदियों का इंतजार आज समाप्त हो रहा है। हमारे स्वतंत्रता आंदोलन के समय कई-कई पीढ़ियों ने अपना सब कुछ समर्पित कर दिया था। गुलामी के कालखंड में कोई ऐसा समय नहीं था जब आजादी के लिए आंदोलन न चला हो, देश का कोई भूभाग ऐसा नहीं था जहां आजादी के लिए बलिदान न दिया गया हो।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, राम मंदिर के लिए चले आंदोलन में अर्पण भी था, तर्पण भी था, संघर्ष भी था, संकल्प भी था। जिनके त्याग, बलिदान और संघर्ष से आज ये स्वप्न साकार हो रहा है, जिनकी तपस्या राममंदिर में नींव की तरह जुड़ी हुई है, मैं उन सबको आज 130 करोड़ देशवासियों की तरफ से नमन करता हूं। राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं, हमारे भीतर घुल-मिल गए हैं। कोई काम करना हो, तो प्रेरणा के लिए हम भगवान राम की ओर ही देखते हैं। भगवान राम की अद्भुत शक्ति देखिए, इमारतें नष्ट कर दी गईं, अस्तित्व मिटाने का प्रयास भी बहुत हुआ, लेकिन राम आज भी हमारे मन में बसे हैं, हमारी संस्कृति का आधार हैं। श्रीराम भारत की मर्यादा हैं, श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।
प्रधानमंत्री द्वारा भूमि पूजन के साथ ही 500 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा खत्म हो जाएगी और भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा। मंदिर को यथार्थ स्वरूप देने में शिल्पकारों को करीब अढ़ाई वर्ष का समय लगने की संभावना है।

Check Also

 19 अप्रैल शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

चैत्र मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2081, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात …