Breaking News
Home / breaking / सिलेंडर ब्लास्ट : दूल्हे की मां सहित कुल 19 शव निकाले, 1 अब भी लापता

सिलेंडर ब्लास्ट : दूल्हे की मां सहित कुल 19 शव निकाले, 1 अब भी लापता

न्यूज नजर डॉट कॉम

अजमेर। ब्यावर शहर में शुक्रवार शाम नामदेव छीपा परिवार के विवाह समारोह में गैस सिलेंडर धमाकों के बाद मलबे में दबकर मरने वालों की संख्या 19 तक पहुंच चुकी है।

एक शख्स अब भी लापता है। तीन दिन से मलबा हटाने का काम जारी है। रविवार को मलबे में से जो निकाले गए। इनमें दूल्हे की मां आचुकी देवी भी शामिल है।

शनिवार शाम मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ब्यावर पहुंचकर अमृतकौर अस्पताल में घायलों की कुशलक्षेम पूछी। छीपा परिवार के लोगों को ढाढस बंधाया था।

मंत्री कालीचरण सराफ, प्रभुलाल सैनी, अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, विधायक शंकरसिंह रावत, सभापति बबीता चौहान आदि जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सेना और एनडीआरएफ के जवान बचाव कार्य में जुटे रहे।



सीएम ने अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में उपचाररत घायलों का भी हालचाल पूछा। सीएम ने मृतकों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार की सहायता की घोषणा की। श्री सीमेंट ने भी मृतकों को 1-1 लाख की सहायता राशि की घोषणा की।

सीएम ने नसीराबाद छावनी से सेना की मदद से मलबा हटवाने को भी कहा। उनके साथ चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल कल्याण राज्यमंत्री अनिता भदेल सहित कई जनप्रतिनिधि भी थे। उधर, कई समाजबंधु और अन्य समाजसेवी भी राहत कार्य में जुट गए हैं।

ब्यावर में नन्दनगर स्थित कुमावत भवन में लड़के की शादी में मेल की दावत के दौरान रसोई गैस सिलेंडर फट गया और 3 सिलेंडरों में धमाके हो गए। इससे समारोह स्थल की छत गिर गई।

मलबे में दबने से अब तक 19 जनों की मौत हो गई जबकि कई घायल अब भी अजमेर-ब्यावर के अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

 सूचना मिलते ही अजमेर से जिला गौरव गोयल और पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र चौधरी भी ब्यावर पहुंच गए। स्थानीय विधायक शंकर सिंह रावत, एसडीएम पीयूष समारिया, एएसपी छुगसिंह सोढा आदि तत्काल पहुंच गए। प्रशासन ने बचाव कार्य के लिए NDRF की टीम बुलवा ली।

मलबा हटाना जारी है। कुछ लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। मरने वालों में पीपाड़ निवासी बसंत और हाउसिंग बोर्ड निवासी हितेश भाटी, आचुकी देवी सहित 19 लोग हैं।

नन्द नगर निवासी कालू पाटनेचा छीपा के बेटे हेमन्त की शनिवार को बारात जोधपुर जानी थी। वहां लक्ष्मण देवड़ा की बड़ी पुत्री रितु से उसका ब्याह तय था। शुक्रवार शाम को चांग चितार रोड स्थित कुमावत भवन में मेल का खाना होना था।



शाम करीब साढ़े पांच बजे खाना बना रहे हलवाई ने एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस रिफिलिंग की तो अचानक एक सिलेंडर ने आग पकड़ ली। घबराहट में हलवाई ने जलता सिलेंडर फेंक दिया। यह सिलेंडर धमाके के साथ फट गया और भवन की छत गिर गई।
करीब दो दर्जन लोग मलबे में दब गए।

धमाका इतना जोरदार था कि आस-पास के करीब 12 मकानों को भी नुकसान पहुंचा। घायलों को मलबे से निकालकर अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से कुछ को अजमेर रेफर किया गया।

बताया जा रहा है कि पीपाड़ से पीहर पक्ष के लोग मायरा भरने आए हुए थे। उनमें भी कई लोग हताहत हुए हैं। खुद दूल्हा बाल-बाल बच गया। वह मेहंदी लगवाते वक्त पीक थूकने वहां से हटा था। धमाका इतना तेज था कि छत पर बैठा एक किशोर वंश कुमावत 20 फीट ऊपर उछल गया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।

पास वाला मकान ढहाया

जिला कलेक्टर ने तहस नहस हुए कुमावत भवन के पास वाले क्षतिग्रस्त मकान को भी गिरवा दिया है। इसके अलावा आसपास के भवनों को हुए नुकसान का pwd से सर्वे कराकर मुआवजा देने की बात कही।

मातमी माहौल में फेरे

हादसे में बाल-बाल बचा दूल्हा हेमन्त शनिवार को कुल चार लोगों को कार में लेकर जोधपुर अपने ससुराल बारात लेकर पहुंचा। उसने दुल्हन रितु की मांग भरी, फेरे लिए और महज 1 घण्टे में उसे ब्याहकर अपने एक रिश्तेदार के यहां ले आया। फेरे के दौरान हर शख्स इस हादसे को लेकर गमजदा था। खुद दूल्हा-दुल्हन की आंखें भी नम थीं।

कुल मृतक 19, घायल 18, लापता 1

(पुलिस प्रेसनोट के अनुसार)

अजमेर रेफर किए गए सभी पांचों मरीजों को रविवार को 5 एम्बुलेंस से जयपुर रेफर कर दिया गया।

पीपाड़ में भी मचा कोहराम

इस हादसे में पीपाड़ सिटी के 8 मेहमान काल का शिकार हुए हैं। रविवार शाम उनके शव पोस्टमार्टम के बाद ट्रक में पीपाड़ के लिए रवाना किए गए। शोक स्वरूप पीपाड़ सिटी में दो दिन से बाजार बंद हैं।

हलवाई के खिलाफ मामला दर्ज

दूल्हे हेमन्त के मौसा पीपाड़ निवासी देवनारायण पुत्र केसुलाल छीपा ने हलवाई गजेंद्र सिंह बन्ना के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

सेना लौटी, ndrf जुटी

शनिवार रात 10 बजे से रविवार दोपहर तक सेना के जवानों ने 10 शव ढूंढ निकाले। इसके बाद सेना नसीराबाद लौट गई। मौके पर अब भी ndrf और sdrf के जवान मलबा हटाने में जुटे हैं।

 

 

यह भी पढ़ें

ब्यावर दुखान्तिका : कलेक्टर के खिलाफ लोगों में रोष, मंत्रियों को घेरा

सिलेंडर ब्लास्ट में मृतक संख्या 10 हुई, मुख्यमंत्री वसुंधरा पहुंचीं, छीपा परिवार को बंधाया ढाढस

Check Also

प्रिजनर वैन में महिला कैदी से गैंगरेप, दो कैदियों ने नशीला पदार्थ पिलाकर किया

जिंद. हरियाणा के जिंद जेल में बंद महिला कैदी के साथ गैंररेप का मामला सामने …