Breaking News
Home / breaking / सोना फिर चढ़कर हुआ 32 हजारी, चांदी 600 रुपए चमकी

सोना फिर चढ़कर हुआ 32 हजारी, चांदी 600 रुपए चमकी

 

नई दिल्ली। आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग आने से शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपए चमककर डेढ़ सप्ताह बाद 32 हजारी होता हुआ 32,050 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी 600 रुपए की छलाँग लगाकर नौ महीने के उच्चतम स्तर 41,600 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी।

विदेशी बाजारों में गत दिवस सोने की मजबूती का असर भी स्थानीय बाजार में देखा गया। वैश्विक स्तर पर सोना हाजिर सप्ताहांत पर शुक्रवार को दो डॉलर की बढ़त में 1,298.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा भी 0.50 डॉलर की तेजी में 1,303.50 डॉलर प्रति औंस के भाव पर बिका।

आने वाले सप्ताह में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव अमरीकी फेडरल रिजर्व के फैसले पर निर्भर करेगा। संभावना जताई जा रही है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दर बढ़ा सकता है। फेड की बैठक 12 और 13 जून को होनी है। इससे पहले निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। स्थानीय बाजार में भी इसका असर दिखेगा।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए की तेजी के साथ 32,050 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 30 मई के बाद का उच्चतम स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही मजबूती के साथ 31,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए के भाव पर टिकी रही।

चांदी की औद्योगिक मांग आने से इसमें तेजी रही। चांदी हाजिर 600 रुपए की छलांग लगाते हुए 41,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। यह 15 सितम्बर के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। चांदी वायदा 40 रुपए की बढ़त में 40,410 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 76 हजार और 77 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहे:-

सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,050
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,900
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 41,600
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 40,410
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :77,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800

Check Also

 19 अप्रैल शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

चैत्र मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2081, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात …