Breaking News
Home / breaking / ‘भारत माता‘ को जो भी गाली देगा वह सीधे जेल जाएगा

‘भारत माता‘ को जो भी गाली देगा वह सीधे जेल जाएगा

भिवानी/लोहारू/कैथल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज स्पष्ट किया कि ‘भारत माता‘ को जो भी गाली देगा वह सीधे जेल जाएगा।

शाह ने हरियाणा में विधानसभा चुनावों के सिलसिले में भिवानी, लोहारू और कैथल में पार्टी उम्मीदवारों जेपी दलाल और शशिरंजन परमार के पक्ष में जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि इसके नेता राहुल गांधी भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को कितनी भी गालियां दें लेकिन अगर कोई देश को गाली देगा तो उसे सीधे जेल भेजा जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस को परिवारवाद और वंशवादियों की पार्टी बताते हुए कहा कि इस पार्टी में सिर्फ परिवार का भला सोचा जाता है। समाज और देश के विकास की इसके नेताओं को कोई चिंता नहीं होती। कांग्रेस से परिवारवादी ही लोग चुनाव लड़ सकते हैं आम आदमी को इस पार्टी में मौका मिलना दूर की बात है।

भाजपा अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों के शासनकाल में कथित तौर पर जमकर भ्रष्टाचार हुआ। एक की सरकार जाती थी तो दूसरे के आ जाती थी। चौटाला सरकार में जहां गुंडागर्दी चलती थी वहीं हुड्डा सरकार में जमकर भ्रष्टाचार होता था। लेकिन वर्तमान मनोहर लाल खट्टर सरकार ने गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के तंत्र पर ताला जड़कर हरियाणा की जनता को न्याय दिया है।

लोहारू की जनसभा में खर्चाखच भरे पंडाल में लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की जमकर पीठ थपथपाई और कहा कि जो काम हरियाणा में पिछले 48 वर्षों में नहीं हो पाए, वर्तमान सरकार ने पांच साल में करके दिखा दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य से गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार समाप्त कर पारदर्शी तरीके से युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी देने का काम किया जिसकी चर्चा दूसरे राज्यों में भी होती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय में तबादलों और नौकरियों की खुली मंडी लगती थी लेकिन भाजपा सरकार ने इस मंडी पर ताला लगाने का काम किया है। राज्य की वर्तमान सरकार में शिक्षकों को तबादला कराने के लिये पैसे नहीं देने पड़ते, बस एक क्लिक पर पारदर्शी ऑनलाईन तरीके से तबादला होता है। इस व्यवस्था का दूसरे राज्य भी अनुसरण कर रहे हैं।

शाह ने कहा कि कांग्रेस का केवल विरोध करना है और इसमें वह देश हित को भी नजरंदाज कर देती है। उन्होंने कहा कि सरकार तीन तलाक का विधेयक लाई तो कांग्रेस ने विरोध किया। अनुच्छेद 370 हटाया तो कांग्रेस ने संसद में विरोध में मतदान किया।

एयर स्ट्राईक और सर्जिकल स्ट्राइक की तो यह पार्टी विरोध में खड़ी हो गई। उन्होंने जनता से सीधा सवाल करते हुए कहा आज चुनाव का मौसम है आप लोगों का दायित्व बनता है कि वे इन कांग्रेसियों से पूछें कि ये लोग देश हित के मुद्दों का विरोध क्यों करते हैं।

कन्या भ्रूण हत्या को लेकर शाह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले यह हरियाणा पर एक कलंक था। राज्य में में बेटियों को जन्म से पहले ही मार दिया जाता था। लेकिन प्रधानमंत्री ने बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ अभियान चलाकर इस कलंक से छुटकारा दिलाया। राज्य की वर्तमान भाजपा सरकार ने सफल बनाया।

राज्य सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उसने किसानों, व्यापारियों, युवाओं, खिलाड़ियों, मजदूरों, नौकरीपेशा लोगों और महिलाओं समेत सभी वर्गों का ध्यान रखा है। आज राज्य में हर वर्ग इस सरकार से खुश नजर आ रहा है। उन्होंने मंच से ही उपस्थित जनता से पूछा कि क्या हरियाणा में भाजपा अबकी बार-75 पार के लक्ष्य को पूरा करेगी। तो जनता ने एक स्वर में सकारात्मक जबाव दिया।

उन्होंने किसानों के लिए राज्य की भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों और राज्य में विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पांच साल के शासन के दौरान राज्य में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 35 हजार से बढ़कर 2 लाख 26 हजार पहुंच गई है। वहीं उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर कहा कि हरियाणा में 48 सालों से केवल दो महिला थाने थे जबकि वर्तमान सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में महिलाओं के 31 महिला थाने खोले हैं।

शाह ने कहा कि हरियाणा वह स्थान है जहां भरपूर अनाज पैदा होता है। यहां के सैनिक देश की रक्षा करते हैं और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते हैं। लेकिन कुछ लोगों ने इस प्रदेश को परिवारवाद, भ्रष्टाचार, जातिवाद और क्षेत्रवाद का अड्डा बना दिया था। मनोहर सरकार की पीठ थपथपाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों के दौरान उसने राज्य में इन सभी का अंत कर दिया है।

उन्होंने कहा कि 13वें वित्तायोग ने गत पांच सालों के दौरान प्रदेश को 57,233 करोड़ रूपए विकास कार्यो के लिए दिए। छह हजार करोड़ रूपए कुंडली-मानेसर राजमार्ग का निर्माण किया गया है। राज्य में 81 किलोमीटर के रेलवे लाईन बनाने के अलावा बिजली, सड़क, पानी, सिंचाई और किसानों के लिए विभिन्न योजनाअें पर 45 हजार करोड़ रूपए खर्च किए गए हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में 62 हजार कर्मचारियों के ऑनलाईन तबादले किए गए जबकि पहले तबादलों में और नौकरियों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार होता था। राज्य में आशा वर्कर का मानदेय 500 से बढ़ाकर चार हजार रूपए, आंगनबाड़ी वर्कर का मानदेय 3500 से बढ़ाकर दस हजार रूपए किया गया। राज्य में गेहूं, गन्ना, सूरजमुखी, धान, चावल, मक्का, बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर किसानों को राहत दी गई।

Check Also

दोस्त की गर्लफ्रेंड से बनाए अवैध सम्बन्ध, अधजली लाश ने खुद उगले राज

कोंडागांव। जिले में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। बताया जा …