Breaking News
Home / breaking / निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने भाजपा को दी पटकनी

निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने भाजपा को दी पटकनी

 

जयपुर। राजस्थान में 49 नगर निकाय चुनावों में अधिकतर पर कांग्रेस का दबदबा दिखाई दे रहा है तथा कुछ में कांग्रेस निर्दलियों के सहारे बोर्ड बनाने की स्थिति में आ गई है।

भाजपा को उदयपुर नगर निगम में स्पष्ट बहुमत मिल गया, लेकिन भरतपुर और बीकानेर में बढ़ते के बावजूद बोर्ड बनाने की स्थति में नहीं है, यहां भी सत्तारूढ़ कांग्रेस निर्दलियों के बल पर बोर्ड बनाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस ने भरतपुर नगर परिषद तथा रूपवास नगर पालिका में पिछड़ने के बावजूद बोर्ड बनाने की घोषणा कर दी है। गहलोत सरकार के मंत्री विश्वेंद्र सिंह तथा भजनलाल जाटव निर्दलियों को गोलबंद करने के काम में जुट गए हैं।

शेखावटी के झुंझुनू, सीकर और चूरु में कांग्रेस बोर्ड बनाने की स्थिति में है जबकि उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के विधानसभा क्षेत्र टोंक में कांग्रेस निर्दलियों के बल पर बोर्ड बना लेगी।

विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के चुनाव क्षेत्र नाथद्वारा में भी कांग्रेस का बोर्ड बनना तय है। झुंझुनू नगर परिषद तथा बिसाऊ नगर पालिका में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि पिलानी में कांग्रेस और भाजपा को दो दो वार्डों पर ही जीत मिल पाई। यहां 31 वार्डों में निर्दलीय निर्वाचित हुए हैं तथा निर्दलीय ही बोर्ड बनाएंगे। सीकर में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है।

सिरोही में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि जालोर में कांग्रेस निर्दलियों के सहारे बोर्ड बनाने की स्थिति में है। शिवगंज में भी कांग्रेस बढ़त में है, लेकिन पिंडवाड़ा में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। नीम का थाना में बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस आगे है, लेकिन खाटूश्यामजी में भाजपा को साधारण बहुमत मिल गया है।

श्रीगंगानगर में कांग्रेस हालांकि भाजपा से पिछड़ गई है, लेकिन निर्दलियों के बल पर वह बोर्ड बना सकती है। हनुमानगढ़ और सूरतगढ़ में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। बाड़मेर में कांग्रेस लगातार तीसरी बार जीतने में सफल रही जबकि बालोतरा में भाजपा का बोर्ड बनना तय है।

भाजपा के गढ़ माने जाने वाले चित्तौड़गढ़ में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। हाड़ौती क्षेत्र के सांगोद, कैथून और छबड़ा में भाजपा पीछे है जबकि मांगरोल में कांग्रेस पिछड़ चुकी है। पूर्व परिवहन मंत्री युनूस खान के क्षेत्र डीडवाना में कांग्रेस ने भाजपा को बुरी तरह हराया है।

अलवर नगर परिषद में भाजपा को बढ़त मिली है, लेकिन कांग्रेस निर्दलियों के सहारे बोर्ड बनाने का प्रयास कर रही है। थानागाजी और भिवाड़ी में भी कांग्रेस निर्दलियों के बल पर बोर्ड बनाने की स्थिति में हैं।

मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव परिणामों को सुखद बताया

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली सफलता को सुखद बताते हुए कहा है कि यह संवेदनशील, जवाबदेह, पारदर्शी और सुशासन पर जनता की मुहर है। गहलोत ने आज निकाय चुनाव परिणाम पर संतोष जताते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि जिला परिषद उपचुनाव पंचायती राज उपचुनाव तथा विधानसभा उपचुनाव के बाद निकाय चुनाव में भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समर्थन देकर हमारी प्रतिबद्धताओंं को और मजबूत किया है।

Check Also

किडनैपिंग केस को दो दिन तक मीडिया से छिपाती रही पुलिस, बाद में लूटी वाहवाही

  अजमेर.अजमेर दरगाह क्षेत्र से अगवा हुई चार साल की बच्ची को पुलिस ने उत्तर …