Breaking News
Home / breaking / अजमेर नगर निगम में फिर भगवा बोर्ड, बृजलता हाडा महापौर निर्वाचित

अजमेर नगर निगम में फिर भगवा बोर्ड, बृजलता हाडा महापौर निर्वाचित


अजमेर।
 राजस्थान में अजमेर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की बृजलता हाडा महापौर निर्वाचित हुई हैं। हाडा निगम की पहली महिला महापौर बनी है। महापौर के लिए हुए मतदान में उन्होंने 61 मत हासिल किए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी द्रौपदी देवी कोली को 42 मतों से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार को केवल 19 वोट मिले।

रविवार सुबह शुरू हुए मतदान के लिए रिटर्निंग अधिकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) गजेंद्र सिंह राठौड़ ने मतदान प्रक्रिया शुरू कराई और यह प्रक्रिया दो बजे से पहले ही पूर्ण कर ली गई। इस बीच अजमेर नगर निगम परिसर मतदान स्थल के बाहर अंदर प्रवेश को लेकर कांग्रेस भाजपा के लोगों ने जमकर नारेबाजी की जिसे पुलिस के सुरक्षा तंत्र ने सफल नहीं होने दिया।

भाजपा के सभी पार्षदों को एक ही बस में मतदान के लिए जयपुर से अजमेर लाया गया। अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए गत 28 जनवरी को हुए चुनाव में 48 पार्षदों के साथ भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। कांग्रेस ने 18, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक तथा तेरह निर्दलीयों ने जीत हासिल की थी। अब सोमवार को उपमहापौर के लिए चुनाव होगा जिसमें भाजपा उम्मीदवार के ही उपमहापौर बनने की संभावना है।

केकड़ी एवं सरवाड़ में कांग्रेस तथा बिजयनगर में भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित

राजस्थान में अजमेर जिले की केकड़ी एवं सरवाड़ नगरपालिकाओं में कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित हुए है जबकि बिजयनगर नगरपालिका में भाजपा की उम्मीदवार ने बाजी मारी है।

केकड़ी नगरपालिका में कांग्रेस के कमलेश साहू अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए है। इन्हें 24 मत मिले जबकि भाजपा के मिश्रीलाल डसाणिया 16 मत हासिल कर पिछड़ गए। केकड़ी नगरपालिका के 40 वार्डों में कांग्रेस के 21, भाजपा के 17 तथा दो निर्दलीय पार्षद विजयी हुए।

सरवाड़ नगरपालिका में भी कांग्रेस की छगन कंवर राठौड़ अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गई है। इन्हें 17 मत मिले जबकि भाजपा की शारदा देवी माली पराजित हुई। इन्हें सात मत मिले।

सरवाड़ नगरपालिका के 24 वार्डों में से 15 पार्षद कांग्रेस के, आठ भाजपा और दो निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। केकड़ी और सरवाड़ नगरपालिका चुनाव प्रदेश के चिकित्सा मंत्री और क्षेत्रीय विधायक डॉ. रघु शर्मा की राजनीतिक प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ था। डॉ. शर्मा अपनी प्रतिष्ठा के साथ साथ क्षेत्र में कांग्रेस की प्रतिष्ठा भी कायम रखते हुए दोनों पालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सफल रहे।

Check Also

दोस्त की गर्लफ्रेंड से बनाए अवैध सम्बन्ध, अधजली लाश ने खुद उगले राज

कोंडागांव। जिले में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। बताया जा …