News NAZAR Hindi News

प्राचीन शनि मंदिर में उमड़े श्रद्धालु


खंडवा। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भवानी माता रोड स्थित खंडवा के प्राचीन शनि मंदिर में श्री शनिदेव जयंती महोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार को सुबह से ही मंदिर में भगवान के पूजन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। भक्तों ने शनिदेव का तेल से अभिषेक कर पूजन किया। इस अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था, महाआरती में बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल हुए।

खंडवा का यह शनि मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है जो एक तीर्थ का रूप ले चुका है। इस मंदिर में पूर्व में शनिदेव के साथ भगवान गणेश, दुर्गा मां, हनुमानजी की मूर्तियां विराजमान थी। विगत दिनों शिव परिवार की भी यहां धार्मिक उल्लास के साथ स्थापना की गई।

मंदिर के पुजारी घनश्याम महाराज ने बताया कि जिन राशि वालों को शनि की महादशा, शनि अंतर-प्ररन्तर दशा, साढ़े साती, राहु-केतु दशा अनिष्ट चल रही है उन्होने अपने स्वकल्याणार्थ शनि जयंती पर उपस्थित होकर शनिदेव का तेल स्नान, अभिषेक दान किया। शनि दान में काला कपड़ा, उड़द, तेल, छाता, कंबल, श्रीफल, प्रसादी दान कर श्री शनिदेव का तेल स्नान कर मनवांछित फल पुण्य प्राप्त करने की मनोकामना की। पंडित बबलू महाराज ने बताया शनि जयंती पर प्रात: 7 बजे से शाम 4 बजे तक शनिदेव की प्राचीन मूर्ति पर अपने हाथों से भक्तगण तेल स्नान अभिषेक किया। इस अभिषेक में महिलाओं ने भी शामिल हुई। दोपहर 12.40 पर शनिदेव की महाआरती के साथ पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।