News NAZAR Hindi News

भीषण गर्मी पर आस्था भारी, सिंहस्थ ट्रेनें चल रहीं खचाखच

गुना। भारतीय संस्कृति के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन सिंहस्थ को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। जैसे-जैसे आयोजन के विसर्जन की तिथि नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे सिंहस्थ जाने वाले श्रद्धालुओं की तादाद में वृद्धि भी होती जा रही है। 44 डिग्री तापमान के बीच भीषण गर्मी भी श्रद्धालुओं की आस्था को कम नहीं कर पा रही है।

श्रद्धालुओं में सिंहस्थ जाने के लिए जैसे होड़ मची हुई है। इसके चलते उज्जैन जाने वाली ट्रेनों में श्रद्धालुओं का हुजूम देखने को मिल रहा है। रेलवे द्वारा चलाई गई तीनों मेला स्पेशल ट्रेनों में तो पैर रखने की जगह भी नहीं मिल रही है। ट्रेन में चढ़ने-उतरने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इसके साथ ही स्टेशन भी श्रद्धालुओं से खचाखचा भरा देखने को मिल रहा है।

इसी तरह उज्जैन जाने वाले अन्य यात्री वाहन भी हाउसफुल चल रहे है। सिंहस्थ का आखरी शाही स्नान 21 मई को है। इस बीच श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने की संभावना है। सिंहस्थ में अमृत स्नान कर लौट रहे श्रद्धालु व्यवस्थाओं की भी सराहना कर रहे है।