News NAZAR Hindi News

नामदेव महिला मंडल ने पेश की मिसाल


गंज बासौदा में घर-घर जाकर सर्वे शुरू, कम्प्यूटरीकृत होगा रिकार्ड
नामदेव न्यूज डॉट कॉम
अजमेर। समाज के लिए कुछ करने का जज्बा देखना हो गंज बासौदा चल जाइए। यहां का नामदेव महिला मंडल इतना उत्साहित है कि महिला मंडल का गठन हुए मात्र तीन-चार दिन ही हुए और महिलाओं ने घर-घर जाकर नामदेव समाज का सर्वे प्रारंभ कर दिया। यह सर्वे बहुउद्देशीय है। सर्वे के तहत गंज बासौदा में नामदेव परिवारों की सांख्यिकी, सामाजिक और आर्थिक गणना की जा रही है। इसका पूरा व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। निश्चित ही इस सर्वे से समाज को आने वाले समय में लाभ होगा। www.newsnazar.com


मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंज बासौदा शहर में पिछले दिनों नरसिंहपुर के समाजसेवी रामकुमार नामदेव नर व दुर्गा नामदेव की प्रेरणा से नामदेव महिला मंडल का गठन हुआ। मनोज नामदेव पठारी ने बताया कि गंज बासौदा महिला मंडल की नवनियुक्त अध्यक्ष ज्योति बाला नामदेव ने बिना देरी किए अपनी टीम के साथ “बहुउद्देशीय संत नामदेव सर्वे” प्रारंभ कर दिया है। इसमें नामदेव समाज के परिवारों की गणना की जानी है। सर्वे में सांख्यिकी, सामाजिक, आर्थिक और शासन के द्वारा प्रदत्त योजनाओं का भी लेखा जोखा तैयार किया जा रहा है। महिला मंडल ने सर्वे का एक निश्चित प्रारूप तैयार किया है जिसे घर-घर जाकर मंडल की महिलाएं भर रही हैं। साथ ही रजिस्टर पर भी अंकित किया जा रहा है। www.newsnazar.com
बहुउद्देशीय है सर्वे
कोषाध्यक्ष सीमा नामदेव ने बताया कि सर्वे में प्रत्येक नामदेव परिवार की सूची तैयार की जाएगी। इसमें परिवार सदस्यों की जानकारी, योग्यता, आयु, शिक्षा, व्यवसाय, महिलाओं की संख्या, कन्याओं की संख्या, निशक्तता, पेंशन, आधार कार्ड नंबर, एसएसएसएम आईडी, फैमिली आईडी, वोटर आईडी क्रमांक, बैंक खाता क्रमांक, गरीबी रेखा-अति गरीबी रेखा, निर्माण मजदूर, खेतीहर मजदूर और भी जितनी शासन की योजनाएं उनसे संबंधित सभी प्रकार के कार्ड धारकों की जानकारी, आवास की स्थिति, विवाह योग्य युवक युवतियों की जानकारी सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही है। उपाध्यक्ष रामवती नामदेव, खुशबू नामदेव ने बताया कि यह पूरा रिकॉर्ड कंप्यूटरीकृत किया जाएगा।