News NAZAR Hindi News

पत्रकार अशोक नामदेव को गोली मारी, अस्पताल में भर्ती

नामदेव न्यूज डॉट कॉम

अजमेर। पहाडी जिला चित्रकूट यूपी निवासी पत्रकार अशोक नामदेव पर जानलेवा हमला हुआ है। बीती शाम अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। उन्हें सतना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले गांव में उनके पिता पर कातिलाना हमला हुआ था।

नया गांव पुलिस के अनुसार चित्रकूट के बगदरा घाटी में रविवार की शाम चित्रकूट के राजापुर पहाड़ी निवासी 36 वर्षीय अशोक नामदेव बाइक पर सतना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह बगदरा घाटी में पहुंचे कि पीछे से एक बाइक पर सवार होकर 3 आरोपी आए और उन्होंने अशोक नामदेव का रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि अशोक नामदेव कुछ समझ पाते आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह अशोक ने खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और वहां से भागने लगे, तभी एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर उन पर गोली दाग दी। बंदूक से निकली गोली के छर्रे अशोक के पैर में जा धंसे और वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पडे। गोली लगते ही आरोपियों को लगा कि अशोक की मौत हो चुकी है और वह बाइक में सवार होकर वहां से भाग गए।

लोगों से मांगी मदद

घायल अशोक ने राहगीरों की मदद से पुलिस को घटना से अवगत कराया। नयागांव थाना पुलिस ने घायल अशोक को मझगवां अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में लगी हुई है। नयागांव थाना प्रभारी देवी सिंह ने बताया कि घटना को लेकर घायल अशोक से पूछताछ की जा रही है।

मालूम हो कि इससे पहले 17 मार्च को नान्दी चौराहे पर गांव के दबंगों ने अशोक के पिता रामनरेश नामदेव पर हमला कर दिया था। बीच बचाव करने आए उनके छोटे भाई को भी घायल कर दिया था।

समाज ने की कड़ी निंदा

पत्रकार नामदेव पर हमले की वारदात का पता लगते ही देशभर के समाजबन्धुओं में रोष फैल गया है। सभी ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को सुरक्षा की मांग की है।