News NAZAR Hindi News

मेकअप कराने पहुंची दुल्हन की ब्यूटी पार्लर में गला रेत कर हत्या

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में आज मेकअप कराने ब्यूटी पार्लर पहुंची दुल्हन की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक शाजापुर जिला निवासी सोनू यादव (24) अपने परिवार के साथ आज सुबह ही विवाह के लिए जावरा आई थी। विवाह से पहले मेकअप करने के लिए दुल्हन सोनू अपनी बहन के साथ जावरा के मंशापूरण रोड स्थित एक ब्यूटीपार्लर गई थी।

पुलिस के अनुसार ब्यूटी पार्लर में एक लड़का आया, जिसने पहले बाहर से फोन लगाया और उसके बाद ब्यूटी पार्लर में घुसकर धारदार हथियार से दुल्हन की गला रेत कर हत्या कर दी। दिल दहला देने वाले इस घटनाक्रम से जावरा में सनसनी फ़ैल गई।

सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक पीएस राणावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार दुल्हन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।