News NAZAR Hindi News

रतलाम को बनाया जाएगा स्मार्ट सिटी

भोपाल। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने रतलाम में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सभी प्रदेशवासियों से अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आव्हान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि खेती को लाभ का धंधा बाने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास करेगी। रतलाम जिले को हार्टीकल्चर हब बनाया जाएगा। रतलाम को अपनी तरह की स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा। इसके विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सबके सहयोग से प्रदेश इस वर्ष भी विकास की रफ्तार को बनाये रखेगा। खुशहाली, समृद्धि और सुख-शान्ति का वातावरण बना रहेगा। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से बिजली-पानी बचाने, बेटियों को आगे बढ़ाने और नशामुक्त होने के लिए संकल्प लेने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज, मिलकर प्रदेश के लिए समर्पित होकर अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही संकल्प लें कि मध्य प्रदेश को देश ही नहीं दुनिया में सबसे समृद्ध राज्य बनायेंगे।

प्रदेश के सभी जिलों में शुरू हुई डायलिसिस सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन द्वारा अब प्रत्येक जिले में डायलिसिस तथा कैंसर के इलाज की व्यवस्था शुरू की गई है। आज से प्रदेश के सभी जिलों में डायलिसिस सुविधा मिलने लगेगी। बहनों के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल के लिए भी प्रत्येक जिला चिकित्सालय में परीक्षण के लिए ‘रोशनी क्लीनिक’ भी आज से आरंभ किए जा रहे हैं।

स्वच्छ भारत मिशन से जुडऩे का किया आव्हान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी नागरिकों से अपने घर और परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के महाअभियान से जुडऩे की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। दिसम्बर 2015 तक 50 लाख घर में शौचालयों की सुविधा उपलब्ध करवायी जा चुकी है। सभी 52 हजार गाँव को खुले में शौच से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही वर्ष 2015 में 1500 ग्राम को खुले में शौच से मुक्त किया जा चुका है।

यह वर्ष गरीब कल्याण वर्ष

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर की 125वीं जयन्ती और अन्त्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी वर्ष होने से इस वर्ष को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान गरीबों के कल्याण के कामों में तेजी लाई जायेगी। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत भूमिहीन परिवारों को आवासीय पट्टे देने का अभियान चलाया जाएगा।

सरकार हमेशा किसानों के साथ

चौहान ने कहा कि प्रदेश को चौथी बार कृषि कर्मण अवार्ड मिला है। कृषकों की समस्याओं के समाधान के लिए कृषि महोत्सव का बहुआयामी प्रयोग सफल रहा है। महोत्सव में 20 हजार 459 ग्राम पंचायत से सम्पर्क किया गया है। अजा, अजजा के कृषकों को नलकूप, खनन एवं पम्प के लिए 25 हजार के अनुदान को 40 हजार रुपये किया गया। प्रत्येक संभाग में बीज एवं उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रयोगशाला की स्थापना की जा रही है। किसानों के लिए वर्ष 2015 भी प्रतिकूल मौसम के कारण कठिनाई पूर्ण रहा। संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ हर समय खड़ी रही। फसल क्षति के कारण लगभग 4600 करोड़ रुपये का मुआवजा सीधे किसानों के खाते में जमा किया जा रहा है।

सिंहस्थ कुंभ महापर्व से सारे विश्व में जाएगा शांति का सन्देश

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मध्य प्रदेश शांति का टापू है। इसी उक्ति को चरितार्थ करते हुए इस वर्ष बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में सिंहस्थ कुम्भ महापर्व के दौरान विश्व में शांति का सन्देश प्रसारित किया जायेगा। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। अप्रैल-मई माह में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दी। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2016 में 5 करोड़ से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटकों का आना सम्भावित है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए लगभग 3200 करोड़ रूपये की विस्तृत कार्य योजना को स्वीकृति दी गई है। पहली बार उज्जैन में इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्य किये गये हैं। इससे इस पवित्र नगरी का नक्शा ही बदल रहा है। सिंहस्थ कुम्भ में वैचारिक कुम्भ का भी आयोजन होगा।