News NAZAR Hindi News

शराबी बारातियों की जमकर पिटाई, शादी समारोह में भगदड़


जबलपुर। नशे में धुत होकर दोस्त की शादी में शामिल होने पहुंचे आधा दर्जन युवकों को बारातियों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। आधी रात बारात में हुए झगड़े से समारोह स्थल में भगदड़ मच गई। लड़की एवं लड़का पक्ष के कई लोग मामला शांत कराने में जुटे रहे, लेकिन आधा घंटा तक मल्लयुद्ध चलता रहा।

घायलों को उनके साथी उपचार के लिए देर रात जिला अस्पताल विक्टोरिया लेकर पहुंचे। बारात घर में झगड़ा होने की खबर गोहलपुर पुलिस को मिली, लेकिन कोई फरियादी थाने नहीं पहुंचा।

 

पुलिस घायलों से संपर्क कर मामले की तहकीकात कर रही है। अस्पताल में भर्ती घायल मनीष कोरी ने बताया कि देर रात वह अपने दोस्त दीपक अग्रवाल की शादी में शामिल होने दमोह नाका स्थित बारात घर गया था। वहां कुछ लोगों के बीच कहासुनी चल रही थी। उसने नहीं बताया कि वह कैसे घायल हुआ|

 

उधर रात में गोहलपुर पुलिस को खबर मिली कि बारात घर में चाकूबाजी हो गई है। पुलिस बारात घर पहुंची तो दोनों पक्ष के लोगों ने बताया कि चाकूबाजी नहीं हाथापाई हुई है। नशे में धुत लड़के झगड़े के बाद कहीं चले गए थे। घायल युवकों की तलाश में पुलिस चकरघिन्नी बनी रही।