News NAZAR Hindi News

शादी से पहले कांस्टेबल ने खुद को मारी गोली

 

 

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में एक कांस्टेबल ने अपनी सर्विस रिवाॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कांस्टेबल ने यह कदम क्यों उठाया इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा हैं जनवरी में उसकी शादी होने वाली थी।

जानकारी के अनुसार बाजना तहसील निवासी जगदीश कटारे नीमच के गाली रतनगढ़ थाने में बतौर कांस्टेबल पदस्थ था। रात को गश्त के बाद बुधवार तड़के सुबह पांच बजे थाने पहुंचकर जगदीश ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।

गोली लगने से कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर आला अधिकारी थाने पहुंचे। एसपी मनोज सिंह ने बताया कि, कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या की वजह का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जगदीश ने चार साल पहले वर्ष 2012 में मध्य प्रदेश पुलिस ज्वॉइन की थी। करीब सवा साल पहले सितंबर 2015 में रतनगढ़ थाने पर पदस्थ किया गया था।

बताया जा रहा हैं कि जगदीश कटारे की जनवरी में शादी होने वाली थी। अनुमान है कि वह पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक परेशानी के चलते काफी तनाव में था।