News NAZAR Hindi News

होटल के कमरे में मिली युवक की लाश


भोपाल। राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में स्थित भोपाल पैलेस होटल में आज सुबह एक व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक का शव उसके कमरे में पड़ा मिला है। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मूलत: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला सत्यपाल सिंह पुत्र होशियार सिंह नामक व्यक्ति आठ फरवरी को भोपाल पैलेस होटल में आकर रुका था। होटल के रजिस्टर में सत्यपाल ने ऑफिशियल काम से आना दर्ज कराया था। उसे होटल में कमरा नंबर 206 आवंटित किया गया था।

मंगलवार की रात साढ़े दस बजे सत्यपाल होटल के अपने कमरे पर पहुंचा। आज सुबह करीब साढ़े सात बजे जब उसके कमरे में कोई हलचल नहीं दिखाई दी तो होटलकर्मी ने मैनेजमेंट को बताया।

होटल मैनेजमेंट ने पुलिस को सूचना दी और कमरा खोला गया तो सत्यपाल मृतावस्था में मिला। शव के पास काफी दवाइयां भी मिली हैं। शव का पोस्टमार्टम कराने भेज दिया गया है और मृत्यु के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।