News NAZAR Hindi News

पुरूष पहनें गुलाबी ड्रेस, मुख्य सचिव ने की अपील

भोपाल/ग्वालियर। महिला सशक्तीकरण के मकसद से चलाए जा रहे सरकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं की सफलता के लिये समुदाय खासकर पुरूषों की सहभागिता नितांत जरूरी है। राज्य के मुख्य सचिव अंटोनी डिसा ने शासकीय अमले से अपेक्षा की है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को पुरूष अधिकारी-कर्मचारी गुलाबी वस्त्र पहनकर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों को संबल प्रदान करें। उन्होंने आग्रह किया है कि इस दिन प्रतीक स्वरूप कोई भी वस्त्र मसलन कुर्ता, शर्ट, गमछा इत्यादि गुलाबी रंग का कोई वस्त्र पहनकर आएँ।


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से 15 मार्च तक सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी महिलाओं पर केन्द्रित विविध कार्यक्रम होंगे। सप्ताह के पहले दिन आठ मार्च को विशेष महिला जन-सुनवाई और ग्राम सभाएँ भी आयोजित होंगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह के तहत 8 मार्च को विशेष महिला जन-सुनवाई में अधिकारीगण सिर्फ महिलाओं की सुनवाई करेंगे। विशेष ग्राम-सभाओं में महिला नीति के बिन्दुओं पर चर्चा होगी। नारी शक्ति चौपाल में ऐसी महिलाएँ अपनी कहानी सुनायेंगी, जिन्होंने संघर्ष करते हुए एक बेहतर मुकाम हासिल किया है। आठ मार्च को ही महिला सशक्तिकरण थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, इस दिन संघर्षशील महिलाओं का सम्मान भी किया जायेगा।
दूसरे दिन 9 मार्च को महिलाओं को महिला थाने का भ्रमण करवाया जायेगा। शौर्या दल के सदस्य, महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच संवाद होगा। इसमें महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध जैसे- घरेलू हिंसा, दहेज प्रताडऩा, छेड़छाड़, मारपीट और शारीरिक अत्याचार के बारे में एफ.आई.आर. और पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के बारे में बताया जायेगा। इसी दिन महिलाओं का परिवार परामर्श केन्द्र से परिचय करवाया जायेगा।
तीसरे दिन दस मार्च को महिलाओं को जिला अदालत का भ्रमण करवाया जायेगा। न्यायालयीन कार्यवाही की जानकारी देने के साथ ही महिलाओं, शौर्या दल के साथ न्यायाधीश एवं विधिक सहायता अधिकारियों का संवाद होगा। इसमें महिलाओं से संबंधित कानून एवं अधिकारों की जानकारी दी जायेगी।
महिलाओं को रोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी 11 मार्च को दी जायेगी प्रदर्शनी भी लगेगी। इच्छुक महिलाओं को पात्रतानुसार लाभ दिलवाने के लिये मौके पर फार्म भरवाये जायेंगे। मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना की हितग्राही को लाभ दिया जायेगा।