News NAZAR Hindi News

रेलवे कर्मचारी लिंग बदलकर राजेश से बना सोनिया, अफसर हैरान

गोरखपुर। गोरखपुर रेलवे में एक अनोखा मामला सामने आया है। अनुकम्पा नियुक्ति पर लगे एक कर्मचारी ने अपना लिंग परिवर्तन करा लिया। 4 बहनों का इकलौता भाई लड़की बन गया। जब उसने सरकारी अभिलेखों में अपना नाम और लिंग बदलवाने के लिए आवेदन करने के बाद रेल अफसरों को सूचित किया तो सभी हैरत में पड़ गए। अब अफसरों ने मुख्यालय से मार्गदर्शन मांगा है।

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जत नगर मंडल में तैनात राजेश पांडे को अनुकंपा के आधार पर 19 मार्च, 2003 को नौकरी मिली थी। राजेश ने बताया कि उसका शरीर तो पुरुष जैसा था, लेकिन मन में महिलाओं जैसे ख्याल आने लगे। परिजनों ने उसकी बात नहीं समझी और उसका विवाह करवा दिया। उसने अपनी पत्नी को मन में आ रहे ख्याल के बारे में बताया। जिसके बाद दोनों ने सहमति से तलाक ले लिया।

पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ चंद्र प्रकाश चौहान कहना है कि ये तकनीकी मामला है। इसके कानूनी पहलुओं को देखा जाएगा और राजेश के आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में जांच की जा रही है।