News NAZAR Hindi News

उड़निया कार : सड़क पर जाम हो तो उड़कर निकल जाइए!


लिसबन। आप आए दिन ट्रैफिक जाम में जरूर फंसते होंगे। इस दौरान होने वाली खीज और परेशानी से अच्छी तरह वाकिफ होंगे। इस दौरान उड़कर निकल जाने का खयाल भी आता होगा।

जी हां, अब यह खयाल सच हो सकता है। लेकिन इसके लिए आपको करीब ढाई करोड़ रुपए खर्च करने होंगे। कई बड़े बिजनेसमैन और दूसरे खास लोगों का वक्त इतना कीमती होता है कि वे जाम में फंसने की बजाय ढाई करोड़ आसानी से खर्च कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें उड़निया कार खरीदनी होगी।


पुर्तगाल की एक स्टार्ट-अप कंपनी ने उड़निया कार तैयार करने में सफलता हासिल कर ली है। कंपनी अब जल्द ही यह कार लॉन्च करने की तैयारी में है।

फोल्डिंग पंखा और प्रोपेलर युक्त

इस कार में विमान की तरह तीन पहिए लगे हैं। इसके ऊपर हेलिकॉप्टर की तरह दो ब्लेड वाला फोल्डिंग पंखा है जो कार को ऊपर उठाता है। कार में पीछे प्रोपेलर लगे हैं जो इसे हवा में आगे बढ़ाते हैं। इस कार का परीक्षण कर लिया गया है। इसमें हवाई और सड़क यातायात के नियमों का ध्यान भी रखा गया है।
सुरक्षा की दृष्टि से इसमें 100 हॉर्स पॉवर के दो इंजन लगे हैं। यह कार हवा में 177 किलोमीटर प्रति घंटा और सड़क पर 161 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है। इसे सड़क से हवा में जाने में 10 मिनट का समय लगता है। इस कार में पायलट समेत दो लोगों के बैठने की जगह है।

इसे चलाने के लिए पायलट लाइसेंस होना चाहिए और कम से कम 25 घंटे उड़ान का अनुभव होना चाहिए। इसके बेसिक मॉडल की कीमत है चार लाख डॉलर (करीब 2.57 करोड़ रुपये) है।