News NAZAR Hindi News

अनुष्का भी खान त्रिमूर्ति मंडली में शामिल


मुंबई। बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का नाम भी खान त्रिमूर्ति के सभी सितारों के साथ काम करने में शुमार हो गया ।
बॉलीवुड की खान त्रिमूर्ति शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान के साथ काम करने की चाहत इंडस्ट्री की सभी अभिनेत्रियों को होती है। इनमें से कुछ अभिनेत्रियों को इन सितारो के साथ काम करने का सौभाग्य मिल पाता है। अनुष्का उन गिनी चुनी चंद अभिनेत्रियों में अब शामिल होने जा रही हैं।
अनुष्का ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2008 में प्रदर्शित फिल्म रब दे बना दी जोड़ी से की थी। यशराज बैनर तले बनी इस फिल्म में उन्हें शाहरूख खान के अपोजिट काम करने का अवसर मिल गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद अनुष्का ने शाहरुख के साथ फिल्म जब तक है जान में भी काम किया। जब तक है जान यश चोपड़ा की बतौर निर्देशक अंतिम फिल्म थी।
अनुष्का ने मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान के साथ वर्ष 2014 में प्रदर्शित फिल्म पीके में काम किया है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी फिल्म पीके बॉलीवुड के इतिहास की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म है। पीके ने बॉक्स ऑफिस पर 340 करोड़ की कमाई की है।
शाहरुख और आमिर के बाद अनुष्का अब बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान के साथ काम करने जा रही हैं। सलमान खान इन दिनों यशराज बैनरतले बन रही फिल्म सुल्तान में काम कर रहे हैं। सलमान के अपोजिट काफी समय से अभिनेत्री की तलाश की जा रही थी। सुल्तान के लिए दीपिका पादुकोण, कंगना रनौत  परिणीति चोपड़ा जैसे नामों की चर्चा हुई लेकिन अनुष्का ने बाजी मार ली। इन सबके साथ ही अनुष्का खान त्रिमूर्ति के सभी सितारों के साथ काम करने वाली अभिनेत्री बन गई हैं।
बॉलीवुड में अनुष्का शर्मा से पूर्व माधुरी दीक्षित, काजोल, करिश्मा कपूर, ममता कुलकर्णी, उर्मिला मतोडकर,मनीषा कोईराला, प्रीति जिंटा, सोनाली बेन्द्रे, रवीना टंडन, कैटरीना कैफ, करीना कपूर, टिवंकल खन्ना, रानी मुखर्जी जैसी अभिनेत्रियों को तीनों खान सितारों के साथ काम करने का अवसर मिल चुका है।