News NAZAR Hindi News

कपिल शर्मा और गुत्थी शराब पीकर आपस में झगड़े

मुंबई। अपने कॉमेडी शो से कामयाब हुए कपिल शर्मा और उनके शो का हिस्सा रहे सुनील ग्रोवर एक बार फिर मीडिया की सुर्खियों में हैं। दोनों के बीच शराब के नशे में मारपीट की खबर है।

कहा जा रहा है कि चंडीगढ से मुंबई लौटते समय दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें कहा जा रहा है कि सुनील पर कपिल ने हाथ भी उठाया। झगड़े की बात दोनों ने स्वीकार की है।

मीडिया को घटना की पहली जानकारी सुनील ग्रोवर ने दी और संकेत दिए कि वे कपिल के शो से अलग हो सकते हैं। झगड़े की बात कपिल ने भी मानी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य विवाद कहा और सुनील को अपना बड़ा भाई बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि हमारी टीम एक परिवार की तरह है और हमारे बीच विवाद होते रहते हैं, जिनको तूल नहीं दिया जाना चाहिए।

सुनील ग्रोवर इस वक्त कपिल के शो में डॉक्टर गुलाटी बनकर लोगों को हंसाते हैं। इससे पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हो चुका है। कलर्स पर कपिल का शो शुरू हुआ था, तो सुनील ग्रोवर वहां गुत्थी के गेटअप में होते थे।

वहां दोनों के बीच तकरार इतनी ज्यादा बढ़ी कि गुत्थी के साथ सुनील ग्रोवर ने स्टार प्लस पर अपना कॉमेडी शो शुरू किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली, तो वे फिर से कपिल के पास लौट आए।

दोनों को जानने वाले मानते हैं कि दोनों के बीच ईगो क्लैश होता रहता है।

सुनील ग्रोवर का हमेशा मानना रहा कि कपिल ने न कभी उनके कैरेक्टर के साथ न्याय होने दिया, न उनको सही फीस मिली। इसी को लेकर ही शराब के नशे में दोनों के बीच हाथापाई तक नौबत आ गई।

सू्त्र बता रहे हैं कि सोनी चैनल की मदद से दोनों के बीच ये विवाद फिलहाल रुक जाएगा, लेकिन आगे भी ऐसा हो जाए, तो हैरानी वाली बात नहीं होगी।