News NAZAR Hindi News

टीवी के जरिए घरों में चमके बॉलीवुड सितारे


मुंबई। कभी छोटे पर्दे की दुनिया से दूरी रखने वाले बॉलीवुड सितारे अब अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए इसी टीवी का सहारा ले रहे हैं। लोकप्रिय टीवी सीरियल्स के बीच में अचानक ‘टपककर’ दर्शकों से अपनी फिल्म देखने की गुजारिश करते नजर आते हैं। दर्शकों को रिझाने के लिए ठुमके तक लगाने में पीछे नहीं हैं।
बीते साल छोटे पर्दे पर बॉलीवुड के जिन सितारों ने अपना जलवा बिखेरा उनमें महानायक अमिताभ बच्चन, दबंग स्टार सलमान खान प्रमुख रहे। इसके अलावा शाहिद कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, रेमो डिसूजा, सोनाली बेन्द्रे, अनिता राज, अनुपम खेर समेत कई बॉलीवुड सितारो ने छोटे पर्दे पर अपना जादू बिखेरा।
हालांकि बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन छोटे पर्दे की दुनिया का लोहा हमेशा से ही मानते रहे हैं। अमिताभ ने वर्ष 2015 में भी छोटे पर्दे पर अपना जलवा बिखेरकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्टार प्लस पर प्रसारित शो आज की रात है जिंदगी के जरिये अमिताभ बच्चन ने रियल हीरोज को दर्शकों से रूबरू कराया।
स्टार प्लस पर ही प्रसारित डांस रियालिटी शो डांस प्लस को रेमो डिसूजा ने होस्ट किया जो दर्शकों को बेहद पसंद आया। स्टार प्लस पर ही प्रसारित लोकप्रिय रियालिटी शो नच बलिये सीजन 7 में प्रीति भजटा और चेतन भगत ने अपनी कसौटी पर प्रतियोगियों के डांस को परखा। इस शो में उपेन पटेल, करिश्मा तन्ना, सना सईद और पायल रोहतगी जैसी कई बॉलीवुड हस्तियों ने शिरकत की।
बॉलीवुड के जानेमाने फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर भी छोटे पर्दे की दुनिया से अछूते नहीं रहे और स्टार प्लस पर मेगा सीरियल एवरेस्ट लेकर आए। इस सीरियल में बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता मिलिंद गुनाजी ने काम किया।
कलर्स पर प्रसारित बिग बॉस के नवें संस्करण में एक बार फिर से सलमान खान ने अपनी जबरदस्त एंकरिंग से दर्शकों की वाहवाही लूटी। इस सीजन में बॉलीवुड के कई सितारों ने भी हिस्सा लिया। इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री रिमी सेन और अमन वर्मा जैसे सितारो ने शिरकत की। शाहरूख खान पहली बार इस शो में अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए आए। शाहरूख ने फिल्म दिलवाले का प्रमोशन किया। शाहरूख खान के अलावा बॉलीवुड के कई सितारो ने बिग बॉस शो में अपनी-अपनी फिल्मों का प्रमोशन किया।
कलर्स पर ही प्रसारित डांस रियालिटी शो झलक दिखला जा सीजन 8 में बॉलीवुड सितारों का जलवा दिखाई दिया। शो में शाहिद कपूर, करण जौहर जैसे सितारों ने होस्ट किया। इस शो में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शमिता शेट्टी ने शिरकत की। कलर्स पर ही प्रसारित रियालिटी शो में शामिल द अनुपम खेर शो कुछ भी हो सकता है, फरहा की दावत ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं महेश भट्ट के सीरियल उड़ान ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
कलर्स पर प्रसारित कॉमेडी नाइट विथ कपिल में बॉलीवुड के तमाम बड़े सितारे अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए पहुंचे। इसी चैनल पर प्रसारित शो खतरों के खिलाड़ी सीजन 6 को बॉलीवुड के इंटरटेनर नंबर वन निर्देशक रोहित शेट्टी ने होस्ट किया। वहीं शो में सना खान और मियांग चैंग जैसे बॉलीवुड सितारों ने हिस्सा लिया। खतरों के खिलाड़ी सीजन को इस बार अर्जुन कपूर होस्ट करने जा रहे हैं।
सोनी टीवी पर प्रसारित डांस पर आधारित रियालिटी शो इंडियन आइडल जूनियर को बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा ने होस्ट किया। इस चैनल पर प्रसारित अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा खान के शो पावर कपल को भी दर्शक पसंद कर रहे हैं। जीटीवी पर प्रसारित रियालिटी शो इंडियाज बेस्ट्र ड्रामेबाज को सोनाली बेन्द्रे, विवेक ओबेराय और साजिद खान होस्ट कर रहे हैं। सब टीवी पर आने वाले लोकप्रिय सीरियल तारक मेहता का उलटा चश्मा व चिडिय़ाघर में भी कई सितारे अपनी फिल्मों का प्रमोशन कर चुके हैं।