News NAZAR Hindi News

बिपाशा बसु बोलीं- नहीं लिया 10 करोड़ का घर गिफ्ट में 


मुंबई। नवविवाहित अभिनेत्री बिपाशा बसु ने अपने करीबी मित्र सलमान खान द्वारा 10 करोड़ का घर गिफ्ट में देने की अफवाहों को खारिज कर दिया है। बिपाशा ने हाल ही में अपने ‘अलोन’ के सह-कलाकार करन सिंह ग्रोवर के साथ शादी की है।
अभिनेत्री ने ट्विटर पर इस अफवाह को खारिज करते हुए लिखा, ‘‘अभी तक मैंने जितनी भी बेकार खबरें सुनी हैं यह उनमें से सबसे बड़ी है। मैं ऐसी गिफ्ट किसी से भी क्यों लूंगी?’’ बिपाशा ने इस अफवाह से जुड़ी एक खबर का लिंक ट्विटर पर साझा करते हुए यह लिखा।
बिपाशा और करन 2014 में ‘अलोन’ फिल्म की शूटिंग के दौरान मिले थे और उसके बाद से ही दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। मुंबई में 30 अप्रैल को आयोजित किए गए एक निजी समारोह में दोनों ने शादी की थी। बिपाशा और करन ने शादी के बाद एक भव्य पार्टी भी दी थी, जिसमें सलमान, बच्चन परिवार, शाहरूख खान जैसे तमाम बड़े सितारों ने शिरकत की थी।