News NAZAR Hindi News

1.2 लाख लोगों को खाना मुहैया करवाएंगे ऋतिक रोशन

मुंबई। बॉलीवुड के माचो मैन ऋतिक रोशन कोरोना वायरस महामारी में 1.2 लाख जरूरतमंद लोगों को खाना मुहैया करवाएंगे।

कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने के लिए बॉलीवुड के कई सितारे आगे आए हैं। ऋतिक रोशन ने भी एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) अक्षय पात्र फाउंडेशन से हाथ मिलाया है और 1.2 लाख से ज्यादा जरूरतमंद लोगों को पैक्ड खाना बांटने का ऐलान किया है।

अक्षय पात्र फाउंडेशन ने ट्वीट किया कि हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि ऋतिक के साथ आने से हमारा फाउंडेशन और सशक्त हो गया है। हम साथ मिलकर 1.2 लाख लोगों को पौष्टिक खाना मुहैया करवाएंगे।

ये खाना हम देशभर के वृद्धाश्रमों, दिहाड़ी मजदूरों और कमजोर आर्थिक वर्ग के लोगों तक तब तक पहुंचाएंगे जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती है। सभी जरूरतमंद भारतीयों की मदद के लिए इतनी जल्दी आने और अपना समर्थन जताने के लिए हम सुपरस्टार ऋतिक रोशन को सलाम करते हैं। आपके इस जेस्चर के लिए हम आपको थैंक्‍यू कहना चाहते हैं।

इस ट्वीट पर रिप्‍लाई करते हुए ऋतिक ने लिखा कि मैं कामना करता हूं कि हमारे देश में कोई भी भूखा न सोए। आप सभी ग्राउंड पर असली सुपर हीरो हैं। हम अपने तरीके से जो कर सकते हैं, आइए उसे करना जारी रखें। कोई योगदान छोटा या बड़ा नहीं होता है। हम सभी को शुभकामनाएं।