News NAZAR Hindi News

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री योगी संग रचाई शादी! जानिए, क्या है असल माजरा

सीतापुर। सरकारों ने झूठी वाहवाही लूटने के लिए जगह-जगह आंगनबाड़ी तो खोल दी लेकिन उनको चलाने के लिए सरकारी खजाने से पैसा नहीं निकल रहा है। देशभर के कई राज्यों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वक्त पर मानदेय नहीं मिल रहा है। यही हाल यूपी में है। सम्मानजनक मानदेय देने समेत कई मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अनूठे तरीके से अपनी मांग बुलन्द की।

पोस्टर पर डाली वरमाला

सीतापुर विकास भवन के समक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर व पगड़ी बंधाकर संघ की जिलाध्यक्ष ने वरमाला पहनाई। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संतोषी माता मंदिर पहुंचे और माथा टेककर आशीर्वाद लिया।

कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान भी किया।

 

मंगलवार शाम महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने साथी कार्यकर्ता को योगी आदित्यानाथ का पोस्टर लगाकर व पगड़ी बंधवाकर उसे वरमाला पहनाकर विवाह रचाया।जिलाध्यक्ष चुनरी पहने हुए दुल्हन की भेषभूषा में नजर आई। इसके पश्चात सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आंख अस्पताल रोड स्थित संतोषी माता मंदिर पहुंची जहां माथा टेककर आशीर्वाद लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का तर्क था कि मुख्यमंत्री तक आवाज पहुंचाने का संघ का अनूठा विरोध प्रदर्शन था।