Breaking News
Home / breaking / नाबालिग बेटी को ढूंढ रही बूढ़ी दिव्यांग मां से पुलिस ने मांगे डीजल भराने के पैसे

नाबालिग बेटी को ढूंढ रही बूढ़ी दिव्यांग मां से पुलिस ने मांगे डीजल भराने के पैसे

 

कानपुर। कानपुर पुलिस ने एक बार फिर योगी सरकार पर कालिख पोती है। एक लाचार वृद्धा से भी घूस वसूल ली। कानपुर डीआईजी ऑफिस में जब इस दिव्यांग महिला ने रो-रो कर अपनी बच्ची को ढूंढने की गुहार लगाई तब इसका खुलासा हुआ।

महिला कह रही थी साहब 1 महीने हो गया है अब तो हमारी बच्ची से हमसे मिलवा दो और उसने यह भी कहा कि साहब पुलिस वाले भैया ने डीजल के पैसे मांगे थे। मैंने वह भी दे दिए। फिर भी मेरी बच्ची को ढूंढ कर नहीं ला रहे हैं। पीड़ित दिव्यांग महिला की गुहार सुन डीआईजी कानपुर डॉ. प्रितिंदर सिंह भी दंग रह गए। उन्होंने महिला को बैठा कर उसे पानी पिलाया और फिर पूरी उसकी समस्या को सुना और जल्द से जल्द बच्ची को ढूंढने का आश्वासन भी दिया।

साथ ही दिव्यांग महिला द्वारा थाना चकेरी की चौकी सनिगवां के चौकी इंचार्ज राजपाल सिंह पर लगाए गए गंभीर आरोपों को देखते हुए महिला के सामने ही तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश भी दिए। और फिर पुलिस स्कॉट से महिला को घर तक छोड़ने के निर्देश भी मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को दिए।

क्या है मामला 
कानपुर के थाना चकेरी के अंतर्गत सनिगवां निवासी दिव्यांग विधवा वृद्धा गुड़िया की नाबालिग बेटी एक माह से लापता है। इसकी चकेरी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज की गई थी। महिला ने अपने ही दूर के एक रिश्तेदारों पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया था। लेकिन पुलिस उसकी एक भी बात को नहीं ध्यान दे रही थी और ऊपर से चौकी जाने पर उसे डांट कर भगा देते थे।
महिला गुड़िया ने बताया पुलिस से वह लगातार बेटी को खोजने की गुहार लगा रही थी। मगर पुलिस ने बेटी खोजने के नाम पर उससे गाड़ी में डीजल डलवाने की बात कही और उसने वह भी किया और लगभग 10 से 12 हजार रुपए का डीजल पुलिस की गाड़ी में डलवा चुकी है। महिला ने यह भी बताया एक दो बार पुलिस वाले गाड़ी से बेटी को लेने के लिए गए भी थे पर बेटी को लेकर नहीं आए।
उसने बताया कि अब उसके पास पैसे नहीं है अब वह डीजल कहां से डलवाए। उसने यह भी बताया कि वह लखनऊ में मुख्यमंत्री के ऑफिस तक शिकायत करने के लिए गई थी लेकिन वहां से भी कुछ नहीं हुआ और लौट के फिर उसे चौकी जाना पड़ा। जहां उसके साथ पुलिस वाले सिर्फ गाली-गलौज और दुत्कार कर भगा देते हैं और बेटी पर ही गलत होने का आरोप लगाते हैं।
डीआईजी कानपुर डॉ. प्रितिंदर सिंह ने बताया कि थाना चकेरी पर अभियोग पंजीकृत है। लड़की की बरामदगी के लिए सीओ कैट के निर्देशन में 4 टीमे गठित की गई और चौकी इंचार्ज सनिगवां उ.नि. राजपाल सिंह को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए।

Check Also

 19 अप्रैल शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

चैत्र मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2081, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात …