News NAZAR Hindi News

पति करता था चरित्र पर शक, पत्नी ने सोते पति पर किया हमला

 

कवर्धा। जिले के कोतवाली थाना इलाके के गांव सरेखा में एक पत्नी ने रोज-रोज के तानों से तंग आकर शकी पति पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने रात में गहरी नींद में सो रहे पति को ताबड़तोड़ चाकू घोंप दिए। उसकी चीख सुनकर लोग एकत्र हो गए और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है।

आरोपी महीला खुमन बाई की शादी चार साल पहले उसकी बलराम साहू से हुई थी। दोनों की ढाई साल की एक बेटी है। बलराम अपनी पत्नी खुमन बाई के चरित्र पर शक करता था। इसे लेकर वह रोज खुमन को ताने मारता था।

इससे खुमन बाई तंग आ चुकी थी। शुक्रवार देर रात उसने सो रहे पति बलराम पर चाकू से हमला कर दिया। बलराम की चीख सुनकर घर के बाकी सदस्य जाग गए। उन्होंने बलराम को अस्पताल पहुंचाया। वारदात की सूचना मिलने पर शनिवार को  पुलिस ने आरोपी पत्नी को  गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला ने पति पर हमला करने की बात कबूली है। पूछताछ में उसने बताया कि चरित्र संदेह की बात पर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था।