News NAZAR Hindi News

पत्नी को गोली मारने के बाद पति और देवर ने भी खुद को उड़ाया

 

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के बन्ना देवी क्षेत्र में एक युवक ने गृह कलह के चलते पत्नी को गोली मारने के बाद खुद भी तमंचे से गोली मार दी और घटना से आहत उसके भाई ने गोली मार ली,जिससे तीनों की मृत्यु हो गई।

पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरौला निवासी मुरारी लाल वर्मा के तीन बेटो में से बड़े बेटे की शादी हो गई थी और वह पत्नी के साथ परिवार से अलग हो गया था। उसके दो बेटे शैलेंद्र और विशाल उनके साथ एक ही घर में रह रहे थे।

उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले की उसके मझले बेटे 25 वर्षीय शैलेंद्र ने बीफार्मा के बाद अपना मेडिकल स्टोर खोल लिया और उसकी आमदनी अच्छी होने लगी। शैलेंद्र ने करीब डेढ़ वर्ष पहले पड़ोस में रहने वाली 22 वर्षीय युवती पिंकी वर्मा से प्रेम विवाह किया था।

पिंकी के साथ विवाह करने से शैलेंद्र के माता-पिता खुश नहीं थे और इसी कारण आए दिन परिवार में झगड़ा होता था। इसी कारण शैलेंद्र तनाव में रहता था। रात करीब साढ़े 12 बजे शैलेन्द्र ने पत्नी प्रिंकी की तमंचे से गोली मार दी और बाद में खुद भी तमंचे से गोली मार दी।

प्रवक्ता ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर छोटा भाई 22 वर्षीय विशाल वहां पहुंचा और दोनों को रक्तरंजित देख उसने भी खुद को गोली मार ली। इस घटना में दोनो भाईयों की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि पिंकी ने अस्पताल जाते समय रास्ते में दम में तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि शैलेन्द्र ने घटना से पहले फेसबुक लाइव कर कहा वह जीना नहीं चाहता।