News NAZAR Hindi News

प्रेमिका का साथ मिलकर किया बीवी का कत्ल, फिर यह हुआ

बुलन्दशहर। उत्तर प्रदेश में बुलन्दशहर के बीबीनगर क्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोप में पति काे गिरफ्तार कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केबी सिंह ने बताया कि गौतमबुद्धनगर जिले के रघुपुरा क्षेत्र के ग्राम अनवगढ़ निवासी शफी मौहम्मद ने बीबीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम परतापुर में रह रही उसकी बेटी रिहाना की उसके पति नबी मौहम्मद उर्फ नबिया ने अपनी प्रेमिका शमीम बेगम और अन्य लोगों के सहयोग से फांसी लगाकर हत्या कर दी।

 

श्री सिंह ने बताया कि पिता शफी मौहम्मद के अनुसार रिहाना की शादी दो जून 2003 को हुई थी। पति-पत्नी अपने चार बच्चों के साथ गांव परतापुर में रहते थे। इस बीच रिहाना बीमार हो गई और उसका इलाज दिल्ली से चल रहा था।

आरोप है कि नबी मौहम्मद ने पत्नी के इलाज के लिए पड़ोस में रहने वाली महिला शमीम बेगम से 68 हजार रुपए उधार लिए। जिसे वह चुकता नहीं कर पाया।

इसी बीच नबी मौहम्मद के शमीम बेगम से अवैध संबंध हो गए, जिसकी जानकारी रिहाना को हो गई। रिहाना ने अपने पति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

उसने बताया कि अवैध संबंधों के चलते दोनों में अक्सर झगड़ा रहने लगा। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। 18 मई को नबी मौहम्मद व शमीम बेगम ने अन्य परिजनों की मदद से रिहाना की गला घोटकर हत्या कर दी और उसके शव को गले में चुन्नी बांधकर कमरे में लटका दिया।