News NAZAR Hindi News

मोबाइल फोन से चीनी ऐप डिलीट करो, मुफ्त मास्क पाओ

लखनऊ। प्रदेश में चीन के खिलाफ लोगों में खासा रोष है। कई जगह चीनी उत्पादों के बहिष्कार की खबरें आ रही हैं। इसी बीच बहराइच में मोबाइल फोन से चीनी ऐप डिलीट करने को लेकर अभियान चल रहा है। एप डिलीट करो और मुफ्त मास्क पाओ। इसके तहत डिलीट किए गए प्रत्येक ऐप के बदले एक मास्क मुफ्त दिया जा रहा है।
बहराइच से भाजपा विधायक एवं पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल ने यह अभियान चलाया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा चीन निर्मित 59 मोबाइल फोन एप्लीकेशन पर पाबंदी लगाए जाने के बाद उन्होंने बहराइच में आम लोगों के मोबाइल फोन से चीनी ऐप डिलीट कराने का अभियान शुरू किया है।
 इसके प्रति आम लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए मोबाइल फोन से प्रत्येक चीनी ऐप डिलीट करने पर एक फेस मास्क दिया जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने पार्टी के महिला मोर्चे के साथ यह अभियान चलाया है। मोर्चे की नगर अध्यक्ष एकता जायसवाल ने बताया कि सदर विधायक अनुपमा के नेतृत्व में 4-5 महिला कार्यकर्ताओ की टोलियां शहर के मुख्य बाजारों में जाकर लोगों को अपने मोबाइल से चीनी एप्लीकेशन डिलीट करने की सलाह दे रही हैं। लोगों को चीनी एप डिलीट करने के बदले मुफ्त में फेस मास्क दिए जा रहे हैं।
टीम में स्मार्ट फोन के विशेषज्ञ लड़के-लड़कियां भी साथ होते हैं। उनकी मदद से शीघ्रता से ऐप डिलीट कर रहे हैं।