Breaking News
Home / breaking / सेल्फी लेते समय यमुना नदी में चार युवतियां डूबी, तीन शव मिले

सेल्फी लेते समय यमुना नदी में चार युवतियां डूबी, तीन शव मिले

 

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अयाना क्षेत्र में एक शादी वाले घर में खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब घर से चुपचाप यमुना नदी नहाने गईं रिश्तेदारी व परिवार की चार लड़कियां सैल्फी लेते समय गहरे पानी में डूब गयी। गोताखोरो व मछुआरों ने तीन के शव बरामद कर लिए है जबकि एक का अभी पता नहीं चल सका है। तेज बहाव व आंधी पानी आने के कारण सर्च आपरेशन रोक दिया गया है।

आधिकारिक सूत्रों से मंगलवार देर शाम बताया कि अयाना क्षेत्र के गांव फरिहा निवासी सुरेश कुमार राठौर के बेटे दीपक का 14 जून को तिलक आया था और 16 जून को उसकी बारात इटावा जिला के गांव बौराइन में चन्द्रपाल राठौर के यहां जानी थी। शादी के घर में खुशियों को माहौल था और जिसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदार भी अपने परिजनों के साथ आए हुए थे।

तिलक चढ़ने के बाद घर में बारात की तैयारियां चल रहीं थीं कि शाम को फरिहा निवासी सुरेश के भाई रमेश की पुत्री कल्पना (20) के साथ कीर्ति (22) व आकांछा (20) निवासी अहेरीपुर इटावा, तनु (18) निवासी फफूंद घर में किसी को कुछ बताये बिना चुपचाप यमुना नदी नहाने चलीं गईं।

बताया गया कि यमुना में नहाते समय पानी में खड़े होकर सैल्फी लेते समय कीर्ति, आकांछा व तनु एवं कल्पना गहरे में चली गई और डूब गई। चारों लड़कियों को डूबता देख प्रियंका ने पहले उन्हें बचाने का प्रयास किया पर असफल होने पर उसने चीखते चिल्लाते हुए ग्रामीणों व परिजनों को घटना की जानकारी दी।

परिजनों व ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और तत्काल मौके पर पहुंचे तब तक चारों लड़कियां पूरी तरह से डूब चुकी थीं जिन्हें ढूढ़ने के लिए कुछ तैर लेने वाले युवकों ने यमुना में छलांग लगा दी। उधर, जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मछुआरों व गोताखोरों की मदद से जाल डालकर लड़कियों की खोजबीन शुरू कर दी।

इस सर्च आपरेशन के दौरान गोताखोरों व मछुआरों ने पहले तनु व कीर्ति के शव बरामद कर लिए और कुछ देर बाद आकांछा का भी शव बरामद कर लिया। देर शाम सर्च आपरेशन चल रहा था कि तभी तेज बहाव व तेज आंधी पानी के चलते सर्च आपरेशन रोकना पड़ गया जबकि कल्पना का अभी तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार व थानाध्यक्ष नवीन कुमार समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है।

Check Also

 19 अप्रैल शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

चैत्र मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2081, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात …