News NAZAR Hindi News

नेहरू की कटार बरामद, दो संग्रहालय कर्मचारी गिरफ्तार


नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की नेहरू स्मारक, संग्रहालय और पुस्तकालय से कटार चोरी मामले में संग्राहलय के ही दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कटार भी बरामद कर ली है। नेहरू को यह कटार सउदी अरब से उपहार में मिली थी।
संग्राहलय सोमवार को आम जनता के लिए बंद रहता है। मंगलवार दोपहर संग्राहलय के स्टाफ को इस चोरी के बारे में पता चला। इसके बाद चाणक्यपुरी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने चोरी की धारा में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। संग्राहलय के कर्मचारियों से छह घंटे तक चली गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को बुधवार देर रात गिरफ्तार किया।
25 से 26 आयुवर्ग के दोनों आरोपी संग्रहालय में संविदात्मक कर्मचारी थे। वह संग्राहलय में बतौर सफाई कर्मचारी कार्यरत थे। वह पिछले एक साल से संग्राहलय में काम कर रहे थे। पुलिस ने फिरोजशाह कोटला स्थित झुग्गी बस्ती में उनके घर से ऐतिहासिक कटार भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि उनकी जानकारी के मुता​बिक ऐतिहासिक कटार सोने की थी। पैसे के लालच में उन्होंने इसे चुराया था। सोमवार को दोपहर के समय संग्राहलय में सफाई करने के बाद उन्होंने अपराध को अंजाम दिया था।