News NAZAR Hindi News

आठ महानगरपालिका चुनाव में भाजपा बनी नंबर वन, मुंबई में नंबर दो

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी गुरुवार को प्राप्त चुनाव परिणामों के बाद 8 महानगरपालिका चुनावों में नंबर वन पार्टी बन कर उभरी है, जबकि मुंबई में भाजपा ने रिकार्ड 81 सीटें प्राप्त की है। ठाणे में भाजपा तीसरे क्रमांक पर रही है।

मुंबई में किसी को बहुमत नहीं मिला है। यहां भाजपा के पहले 31 नगरसेवक थे, जो संगठन कुशलता की वजह से इस बार बढक़र 81 तक पहुंच सके हैं। हालांकि शिवसेना ने भी इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 84 सीटें प्राप्त करने में सफलता प्राप्त किया है। इससे पहले शिवसेना के 75 नगरसेवक थे।

ठाणे महानगरपालिका में शिवसेना नेअपना वर्चस्व बरकरार रखा है। यहां अब तक प्राप्त चुनाव परिणामों में शिवसेना ने 55 सीटें प्राप्त कर लिया है ,राकांपा यहां 33 सीटें प्राप्त कर दूसरे स्थान पर है और भाजपा17 सीटें प्राप्त कर तीसरे स्थान पर है।

इसी तरह उल्हासनगर महानगरपालिका में भाजपा ने 33 सीटें प्राप्त कर नंबरवन स्थान हासिल कर लिया है। नाशिक महानगरपालिका में भाजपा ने 40 सीटें प्राप्त कर ली है ।इससे पहले यहां मनसे की सत्ता थी और भाजपा के 14 नगरसेवक ही थे।

पुणे महानगरपालिका में भाजपा ने 77 सीटें जीत यहां सत्ता हासिल कर लिया है। इससे पहले यहां भाजपा के मात्र 26 नगरसेवक ही थे। पिंपरी -चिंचवड़ में भाजपा ने 31 सीटें प्राप्त की है , इससे पहले यहां भाजपा के मात्र 3 नगरसेवक थे।

इसी प्रकार सोलापुर महानगरपालिका में भाजपा को सर्वाधिक 28 सीटें मिली हैं और यहां सत्ताधारी कांग्रेस को मात्र 3 सीटें मिल सकी हैं।

नागपुर महानगरपालिका को भाजपा ने अपने पास रखते हुए सर्वाधिक सीटें हासिल किया है। यहां भाजपा को 62 सीटों पर विजय मिली है। इससे पहले यहां भाजपा की मात्र 48 सीटें ही थीं।

भाजपा ने अमरावती में 30 सीटें व आकोला में 36 सीटें मिली हैं और इन दोनों महानगरपालिकाओं में भाजपा नंबरवन रही है।

भाजपा को मिली इस सफलता के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे की रणनीति व कार्यकर्ताओं की एकजुटता महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुंबई में भाजपा को नंबरवन बनाने का मुख्यमंत्री का प्रयास पूरा नहीं हो सका है।