News NAZAR Hindi News

आरएसएस का साहित्य अब मोबाइल फ़ोन पर भी


नई दिल्ली। जल्द ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का साहित्य आप मोबाइल फोन पर भी पढ़ सकेंगे। तकनीक के बदलाव के साथ लोगों के पढ़ने-लिखने के तरीके में भी बदलाव आ रहा है।

इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी नई तकनीक का इस्तेमाल कर राष्ट्रीय साहित्य को आमजन और कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का काम शुरु कर दिया है।

इसके लिए एंड्राइड फोनों के लिये एक एप्प लांच किया गया है, जिसके माध्यम से संघ से जुड़े साहित्य को मोबाइल और टेब पर पढ़ा जा सकता है।

संघ से जुड़े साहित्य को ऑनलाइन बेचने का काम करने वाली संस्था बुकभारती ने हाल ही एन्ड्राइड प्लेटफार्म में इस इ-बुक रिडर एप्लीकेशन को लांच किया है।

संघ से जुड़ी संस्था वेबभारती प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ मिलिंद ओक ने बताया कि आजकल समय के अभाव तथा तकनीक के विस्तार के चलते लोग पुस्तकों को अपने मोबाइल व टेब के माध्यम से पढ़ना चाहते हैं। इसके लिए ई-बुक भारती एप्लीकेशन बनाई गई है।

इसकी खास बात यह है कि इसमें पुस्तकें खरीदना बहुत आसान होगा क्योंकि मोबाइल के बैलेंस से ही सीधे इन्हें खरीदा जा सकता है। इसके लिए बस एप्प को डाउनलोड करना होगा। खरीदी गई पुस्तक एंड्राइड और विंडोज (कंप्यूटर) दोनों जगह पढ़ी जा सकती है।

उन्होंने बताया कि जल्द ही इसे आईओएस (एप्पल) के फोन और टेब पर भी लॉच किया जाएगा। अभी तक इससे संघ और राष्ट्रीय विचारों से जुड़े बीस प्रकाशक इस एप्प से जुड़े हैं। जल्द ही इसमें अन्य प्रकाशक भी जुड़ेंगे।


इस एप में संघ और राष्ट्रीय विचारों से जुड़े 20 प्रकाशकों की पुस्तकें उपलब्ध हैं। इनमें सुरुचि प्रकाशन, इंडिया पोलिसी फाउंडेशन, साहित्य गंगा, विजयभारती, श्री भारती, राष्ट्रीय मुस्लिम मंच, भारतीय विचार साधना, नचिकेत प्रकाशन, इतिहास संकलन समिति प्रमुख हैं। जल्द ही इसमें अन्य प्रकाशक भी जुड़ेंगे।