News NAZAR Hindi News

एसिड हमले की शिकार महिला रूस लौटी


नई दिल्ली। बनारस में एसिड हमले की शिकार रूसी महिला को सोमवार को स्वदेश भेज दिया गया। हमले के बाद प्राथमिक उपचार कर महिला को दिल्ली लाया गया था। यहां सफदरजंग में उसका इलाज चल रहा था।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि एसिड हमले की पीडि़ता को मास्को के लिए भेजा जा चुका है। हमारे राजदूत ने पीडि़ता की मां से मुलाकात की है। हमने उसे आश्वासन दिया है कि भारत रूस में उसके इलाज पर सभी खर्च वहन करेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मामले में 5 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।
यह है मामला
बनारस के नंद नगर में 13 नवंबर को 23 साल के युवक ने एक रूसी महिला पर तेजाब फेंक दिया था। हमले में वह 46 प्रतिशत तक जल गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली शिफ्ट किया गया था। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और उसकी आंखों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। हमलावर युवक बीएचयू में संगीत का छात्र है। वह रुसी युवती के वापस जाने को लेकर नाराज था।