News NAZAR Hindi News

गूगल सर्च की मदद से घर पहुंची लापता युवती

 

फ़ैजाबाद। गूगल अब हर सवाल का जवाब बन गया है। आप इस पर कुछ भी ढूंढिए, यह आपको निराश नहीं करेगा। यही सोचकर फ़ैजाबाद पुलिस ने गूगल की मदद ली और 800 किलोमीटर दूर से भटककर आई एक विमंदित युवती के घर का पता ढूंढ निकाला।

हुआ यूं कि पुलिस को शहर में एक लावारिस युवती मिली।दिमागी रूप से कमजोर ये युवती अपने बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही थी। उसके बाजू पर ‘सुखमती’ गुदा हुआ था, इससे पुलिस ने ये अंदाज लगा लिया कि इसका नाम सुखमती है, लेकिन वह कहां की रहने वाली है, पता नहीं लग पा रहा था।

 

 

पुलिस एक हफ्ते तक इस युवती से और जानकारी लेने की कोशिश करती रही। लेकिन कुछ खास नहीं पता चल सका।

सुखमती कागज पर टेढ़े-मेढ़े दो और शब्द और लिखती थी. उसकी लिखावट को पढ़ना भी मुश्किल था।

फैजाबाद महिला थाना अध्यक्ष प्रियंका पांडेय के मुताबिक युवती क्या लिख रही थी, उससे मुश्किल से समझ में आया- ‘बसना’ और ‘महासमुंद’। महिला थानाध्यक्ष ने इन शब्दों को गूगल पर सर्च किया तो छत्तीसगढ़ राज्य के महासमुंद जिले में बसना नाम का एक कस्बा नजर आया।

महिला थानाध्यक्ष ने बसना पुलिस स्टेशन से संपर्क किया तो पता चला कि वहां सुखमती नाम की युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। यह पता लगते ही पुलिस वालों का चेहरा खिल उठा।

बसना थाना पुलिस युवती के परिजन को लेकर तुरन्त फैजाबाद महिला थाने पहुंची।

गुमशुदा युवती ने जैसे ही मां को देखा दौड़ कर उसके गले लिपट गई। युवती की मां ने बताया कि युवती का मानसिक इलाज चल रहा है। वह घर से सब्जी लेने निकली थी, उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। थक हार कर 19 मार्च को बसना पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।