News NAZAR Hindi News

ट्रेन में पी रहे थे शराब, सहयात्रियों ने टोका तो बरसाए पत्थर


रतलाम। ट्रेनों में यात्री कितने सुरक्षित हैं, इसकी एक और बानगी सामने आई है। गुरुवार को मुंबई-रतलाम बड़ी रेललाइन के रावटी स्टेशन पर मेमू ट्रेन पर पथराव होने से तीन यात्रियों को गंभीर चोटें लगी हैं।

उज्जैन से दाहोद जाने वाली 69182 मेमू ट्रेन में कुछ यात्री शराब पी रहे थे। इसका ट्रेन में बैठे अन्य यात्रियों ने विरोध किया। इसके बाद शराब पीने वाले यात्रियों ने पथराव किया। इससे तीन यात्री घायल हो गए। पथराव से ट्रेन के कोच के कांच भी फूट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस ट्रेन में जीआरपी और आरपीएफ के जवान नहीं थे।

कृषि विभाग थांदला में पदस्थ अशोक सिकरवार भी इसमें घायल हुए हैं। उनके अनुसार कुछ लोग ट्रेन में शराब और बीड़ी पी रहे थे। सिकरवार ने मना किया तो अभद्र व्यवहार करते हुए चार-पांच लोगों ने विवाद किया और रावटी स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर नीचे उत्तर कर पथराव शुरू कर दिया।

इससे एक पत्थर अशोक के सिर पर लगा और डिब्बे में सवार एक महिला की गोद में लेटी साल भर की लड़की के चेहरे पर भी चोट आई। एक अन्य महिला को भी चोट आई है। सिकरवार ने बामनिया जीआरपी को शिकायत की है।