News NAZAR Hindi News

दिल्ली में 3 साल की बच्ची किडनेप, पुलिस ने यूं डाला घेरा कि….

नई दिल्ली। नंद नगरी इलाके से अगवा तीन साल की मासूम को पुलिस ने 15 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। या यूं कहिए कि पुलिस का शिकंजा बढ़ने से अपहर्ता घबरा गए और बच्ची को छोड़ भागे। पुलिस ने मासूम को ताहिरपुर स्थित संस्कार आश्रम से बरामद किया।

अज्ञात महिला उसे वहां छोड़कर चली गई थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से महिला की पहचान का प्रयास कर रही है।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि सोमवार शाम को सरवरी बेगम नामक महिला ने अपनी पोती के गायब होने की सूचना दी थी।

सरवरी बेगम ने बताया कि वह परिवार के साथ सुंदर नगरी इलाके में रहती है। इसके परिवार में बेटा मो.नईम व बहू रुकसाना और उसकी दो बच्चियां हैं। दोपहर को छोटी बेटी जोया (3) घर के सामने खेलती हुई गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने फौरन अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।

ऑटो, ई-रिक्शा, स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में मासूम की तलाश शुरू की गई। व्हाट्सऐप व फेसबुक का भी सहारा लिया गया।

इस बीच पुलिस को ताहिरपुर संस्कार आश्रम से पता चला कि इसी हुलिए की बच्ची को कोई महिला आश्रम में छोड़कर गई है। आश्रम पहुंचने पर बच्ची की पहचान परिजनों ने जोया के रूप में की। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने क्यों और किन हालात में जोया को आश्रम में छोड़ गई।