News NAZAR Hindi News

दिल्ली से लापता बच्चा पहुंचा बांग्लादेश, आज लाएंगे वापस


नई दिल्ली। दिल्ली की सीमापुरी से छह साल से लापता 12 वर्षीय सोनू विदेश मंत्रालय की कोशिशों के चलते गुरूवार को अपने परिजनों के साथ होगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार भारतीय लापता बच्चा बांग्लादेश में मिल गया है और उसे 30 जून को वापस दिल्ली लाया जाएगा।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीटर के माध्यम से कहा कि वर्ष 2010 में दिल्ली से लापता बच्चे का डीएनए उसकी मां के डीएनए से मैच कर गया है। भारतीय दूतावास ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है। वह बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक शेल्टर होम में मिला था।

सोनू के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट स्थानीय पुलिस थाना में दर्ज कराई थी। काफी समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिला था। छह साल बाद अचानक बांग्लादेश में सोनू के मिलने से परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है।