News NAZAR Hindi News

दुबई में छुट्टियां मना रहे शिवसेना विधायक की हार्ट अटैक से मौत

मुंबई। अंधेरी पूर्व से शिवसेना विधायक रमेश लटके (52) का बुधवार रात दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। दो बार के विधायक अपने परिवार के साथ दुबई में छुट्टी पर थे। वह 52 वर्ष के थे। 2014 में लटके एक कद्दावर नेता के रूप में उभरे थे, जब उन्होंने अंधेरी पूर्व से कांग्रेस के सुरेश शेट्टी को हराया। इसके बाद, 2019 में उन्हें उसी निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुना गया।

पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि लटके का दुबई में बुधवार देर रात निधन हो गया, जहां वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गए थे।

लटके मुंबई शहर के अंधेरी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। विधायक चुने जाने से पहले लटके बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में पार्षद भी रहे।

मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी ने एक ईमानदार और सच्चे योद्धा को खो दिया। उन्होंने कहा, लटके ने नगरसेवक के रूप में लोगों का दिल जीता और इसके कारण वे लगातार विधायक चुने गए। वह अध्ययनशील, विकास कार्यों के बारे में अच्छी तरह से ज्ञात और एक ईमानदार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनकी असमय मृत्यु उनके परिवार के लिए एक झटका है, और हम प्रार्थना करते हैं ईश्वर उन्हें इस नुकसान को सहने की शक्ति प्रदान करें।