News NAZAR Hindi News

नई नवेली दुल्हन ने दूल्हे पर तानी पिस्टल, फिर हवाई फायर कर मचाई दहशत


मरफ्रेसबोरो। अमरीका के टेनेसी प्रांत के मरफ्रेसबोरो में एक नई नवेली दुल्हन ने शादी के कुछ ही देर बाद दूल्हे के सिर पर रिवाल्वर तान दी और ट्रिगर दबा दिया…। इसके बाद हवा में गोलियां चलाकर मेहमानों में अफरा-तफरी मचा दी। इत्तला मिलते ही पुलिस पहुंच गई और दुल्हन को अरेस्ट कर लिया।

घटना 31 जुलाई की है। यहां एक मोटेल में 25 साल की केट एलिज़ाबेथ प्रिचार्ड की शादी हुई। इसके बाद पार्टी चल रही थी। नवविवाहित जोड़ा शराब पी रहा था कि इनमें झगड़ा हो गया। इसी दौरान एलिज़ाबेथ ने अपनी वेडिंग ड्रेस में छिपाई गई पिस्टल निकाली और अपने दूल्हे के सिर पर रखकर ट्रिगर दबा दिया।

गनीमत यह रही कि पिस्टल खाली थी। इससे दूल्हे की जान बच गई। दुल्हन का गुस्सा इससे भी शांत नहीं हुआ। उसने पिस्टल में गोलियां भरी और कई हवाई फायर कर दिए। इससे वहां दहशत फैल गई और कई मेहमान भाग गए।
पुलिस पहुंची और पूछताछ की लेकिन इससे पहले दुल्हन ने पिस्टल छिपाने की कोशिश की। दूल्हा-दुल्हन, दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस ने दुल्हन को अरेस्ट कर लिया।