News NAZAR Hindi News

नहीं सुधरा पाकिस्तान, रमजान के पहले दिन ही भारत पर गोलाबारी

जम्मू। आखिर वही हुआ जिसका अंदेशा था। पाक रमजान में भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।

सीमा से सटे आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर में बीती रात पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी व फायरिंग की गई। इससे अरनिया सेक्टर में तैनात बीएसएफ का जवान सीताराम उपाध्याय शहीद हो गया और एक जवान जख्मी हो गया।

 

साथ ही आरएसपुरा के एक घर पाकिस्तानी गोला गिरने से परिवार को दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा पाकिस्तान की गोलीबारी में छह से ज्यादा भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। पाकिस्तान की ओर से लगातार गोलीबारी के बाद अरनिया और आरएसपुरा में सीमा के तीन किमी के दायरे में आने वाले स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

 

दो दिन पहले ही केंद्र सरकार ने रमजान में एकतरफा सीजफायर की घोषणा की थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि आतंकवादी और पाकिस्तानी सेना भी शांति कायम रखेगी। लेकिन इसका उल्टा हुआ है। तरावीह की रात ही पाकिस्तान ने अपनी फितरत दिखाते हुए भारत पर गोलीबारी और गोलाबारी शुरू कर दी।

 

आतंकी भी सक्रिय

बांदीपुरा के हाजिन इलाके में रात करीब डेढ़ बजे आतंकियों ने सेना के पैट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया। इससे एक जवान गोली लगने से जख्मी हो गया। हमले के बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई की।