News NAZAR Hindi News

निर्भया कांड के नाबालिग दोषी की रिहाई गलत : हेमा मालिनी


नई दिल्ली। निर्भया सामूहिक बलात्कार मामले के किशोर आरोपी को रिहा करने पर निराशा जताते हुए अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने बुधवार को कहा कि उसने एक वयस्क जैसा गलत काम किया है इसलिए उसे रिहा किया जाना गलत है।
हेमा मालिनी ने संसद से बाहर मीडिया से कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि किशोर ने एक वयस्क जैसा शैतानी दिमाग वाला काम किया है। अन्य दोषियों की तुलना में वह भी इस क्रूर अपराध में शामिल है। उसने महिला को नुकसान पहुंचाया है। उसे रिहा करना गलत होगा।
लोकसभा में निर्भया सामूहिक बलात्कार के मामले पर बोलने से पहले मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि किशोर के साथ अन्य वयस्क आरोपी की तरह बर्ताव करके उसे सजा देनी चाहिए।
20 को होना है रिहा
निर्भया सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले में सजा काट रहे किशोर दोषी को 20 दिसम्बर को रिहा किया जाना है। इस मामले के एक मात्र नाबालिग दोषी को बाल सुधार गृह में रखा गया है। सरकार के निर्णय पर पीडि़ता के माता-पिता को गहरा दु:ख  पहुंचा है। हालांकि दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस मामले पर सुनवाई करने के बाद पूरे मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए अभी भी इस पूरे मामले पर अपना निर्णय सुरक्षित रखा है।
मालूम हो कि पूरे देश को हिला कर रख देने वाले निर्भया हत्याकांड (16-12-2012) की आज तीसरी बरसी है। भारतीय इतिहास में यह दिन काले पन्ने के रूप में दर्ज है। इस दिन छह दरिंदों ने दिल्ली की सड़कों पर चलती बस में एक 23 साल की लड़की (निर्भया) के साथ हैवानियत की सारे हदें पार दीं। भारतीय न्याय व्यवस्था ने इसे ‘रेयरस्ट ऑफ द रेयर केस’ करार दिया। एक दोषी के नाबालिग होने के कारण उसे सिर्फ तीन साल की सजा हुई। हालांकि निर्भया को आज तीन साल बाद भी इंसाफ नहीं मिल सका है।