News NAZAR Hindi News

पत्नी पर बुरी नजर रखने से टोका तो चाकू से गोद कर दी हत्‍या

हिसार। हरियाणा के फतेहाबाद शहर के माजरा रोड पर देर रात पांच युवकों ने एक रेहड़ी चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी मृतक की पत्नी पर बुरी नज़र रखते थे।

पुलिस ने यहां बताया कि मूलत: उत्तरप्रदेश के कानपुर जिले के काशीपुर निवासी और वर्तमान में स्थानीय अशोक नगर निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई गोरा लाल(30) फतेहाबाद में सब्जी की रेहड़ी लगाता था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।

पड़ोस में रहने वाला अशोक कुमार उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था। कई बार उसे समझाया लेकिन वह नहीं माना। इस कारण से गोरे लाल अपनी पत्नी को उसके मायके उत्तरप्रदेश के कानपुर जिले निगोहा गांव में पांच महीने पहले छोड़कर आया था।

 

अशोक कुमार ने इसके चलते अपने दोस्तों बतरा कालोनी निवासी मोनू उर्फ गुल्ला, सुंदर नगर निवासी महेंद्र और अशोक नगर निवासी मोनू और एक अन्य के साथ मिलकर कई बार गोरे लाल की पिटाई की। दो दिन पहले ही गली में गाड़ी खड़ी करने को लेकर गोरे लाल और अशोक में झगड़ा हुआ था जिसकी शिकायत थाने में दी गई, लेकिन बाद में समझौता भी हो गया।

गोरे लाल रात नौ बजे अपने घर से कोई सामान लेने के लिए गया था। माजरा रोड पर देर रात करीब 11 बजे उस पर उक्त पांचों युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। पहले तो जमकर पिटाई की और फिर गोरे लाल पर तीन बार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना का निरीक्षण करने के बाद मृतक के भाई सुशील कुमार की शिकायत पर पांचों युवकों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।